राजस्थान

उदयपुर में सीमेंट की चादर पर चढ़ी महिला, टूटने से गिरी

Shreya
21 July 2023 10:16 AM GMT
उदयपुर में सीमेंट की चादर पर चढ़ी महिला, टूटने से गिरी
x

उदयपुर: उदयपुर प्रतापनगर थाना क्षेत्र के मादड़ी इलाके में गुरुवार को बंद पड़ी एक फैक्ट्री में सीमेंट के चद्दर टूटने से नीचे गिरी महिला की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। साथ ही देर रात तक शव भी नहीं उठाया। उधर, पुलिस ने फैक्ट्री के चौकीदार को हिरासत में ले लिया है। थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि मादड़ी क्षेत्र में करीब 7-8 साल से चौकसी कॉन्टैक्ट्स नाम की फैक्ट्री बंद पड़ी है। जहां बेड़वास निवासी उदी बाई (45) पत्नी मांगीलाल मेघवाल रख रखाव और बागवानी का काम करती थीं। गुरुवार को महिला सार-संभाल के लिए सीमेंट के चद्दर (पतेड़े) पर चढ़ी थी। इस दौरान सीमेंट के चद्दर टूट गए और महिला फैक्ट्री के अंदर जा गिरी। सिर पर गंभीर चोट आने से महिला की मौत हो गई।

शाम को चार बजे जब महिला का पति मांगीलाल उसे लेने फैक्ट्री आया तो वह नहीं मिली। फैक्ट्री के अंदर जाकर देखा तो वह मृत पड़ी थी। यह दृश्य देखकर पति चिल्लाया तो आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पति ने शव उठाने से इंकार कर दिया। पति ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब यह घटना हुई तब फैक्ट्री का चौकीदार कहां था। फैक्ट्री में कोई हलचल नहीं होने पर चौकीदार ने महिला को क्यों नहीं ढूंढा। यदि समय पर उपचार मिल जाता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।

Next Story