राजस्थान

कांग्रेस को सत्ता से हमेशा के लिए विदा करेंगे, कमल खिलेगा: पूनिया

Admin Delhi 1
9 Jan 2023 1:52 PM GMT
कांग्रेस को सत्ता से हमेशा के लिए विदा करेंगे, कमल खिलेगा: पूनिया
x

जयपुर: आमेर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को भाजपा की जनाक्रोश यात्रा थी। सीकर रोड पर टाटियावास टोल के पास हुई सभा में स्थानीय विधायक व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, प्रदेश सहप्रभारी विजया राहटकर भी मौजूद थीं। तीनों नेताओं ने सभा में प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने कहा कि सरकार की विफलताओं के चलते इस बार जनता कांग्रेस को हमेशा के लिए सत्ता से विदा कर देगी। कांग्रेस सरकार में करौली, भीलवाड़ा, जोधपुर, उदयपुर सहित तमाम जिलों में जो दंगे हुए और उदयपुर का कन्हैयालाल साहू हत्याकांड कोई नहीं भूल सकता, जिनका दिनदहाड़े सिर कलम कर हत्या कर दी गई। हिन्दू नववर्ष, रामनवमी के जुलूसों पर पत्थरबाजी हुई। प्रतिबंध तक लगाया गया, जबकि कोटा में पीएफआई जैसे अराजक संगठन को तुष्टिकरण के लिए रैली की अनुमति दी गई। प्रदेश में किसान, नौजवान, बहन-बेटियां वादाखिलाफी को भूलेंगे नहीं। प्रदेश में गुंडाराज जैसे हालात हैं। भ्रष्टाचार के बिना सरकार में काम नहीं होते। आमेर से मैं विधायक हूं। भाजपा सरकार के वक्त यहां 1500 करोड़ रुपए के काम हुए। विधायक कोष से अब तक 14.25 करोड़ राशि की एवज में 14.84 यानी प्रदेश में सबसे ज्यादा कोष राशि से विकास कराएं हैं। जालसू पंचायत की सीएचसी प्रदेश का रोल मॉडल है। राहटकर ने कहा कि पीएम मोदी की सरकार गांव गरीब के लिए काम कर रही है। वहीं गहलोत सरकार किसानों को कर्ज माफी, युवाओं को भर्ती और भत्तों का आश्वासन देकर उनसे धोखा कर रही है। कानून व्यवस्था चरमराई है। 8.50 लाख मुकदमें चार सालों में दर्ज हुए हैं।

उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि जनाक्रोश यात्रा में पूनिया ने रॉकेट की स्पीड से प्रवास किए हैं। हम सभी नेता इनके नेतृत्व में मिशन 2023 में जुटे हुये हैं। वहीं दर्जनों से अधिक पेपर लीक के मामले कांग्रेस शासन में हुए हैं, जिनमें राजीव गांधी स्टडी सर्किल से जुड़े लोग शामिल पाए गए है। पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा के संरक्षण में कलाम इंस्टीट्यूट चल रहा है, जिसमें मोटी फीस लेकर गारंटी बैच चलाए जाते हैं। पेपर भी दिये जाते हैं। डोटासरा का पूरा कुनबा आरएएस बन गया। बिजली के दाम बढ़ गए, तस्करी चरम पर है। यहां तक नेपाल की महिलाओं को तस्करी करने का नेटवर्क भी राजधानी जयपुर से चल रहा है। आमेर की धरती परिवर्तन की धरती है। यहां से धरती पुत्र स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत विधायक बने। अब उसी तरह धरती पुत्र आपके विधायक सतीश पूनिया आमेर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

Next Story