राजस्थान

सड़क दुर्घटना में घायल पति के इलाज के लिए पत्नी ने लगाई गुहार

Admin Delhi 1
4 Aug 2023 5:08 AM GMT
सड़क दुर्घटना में घायल पति के इलाज के लिए पत्नी ने लगाई गुहार
x

जोधपुर: बिजारिया बावड़ी में एक पत्नी ने अपने पति के इलाज के लिए लोगों से मदद की गुहार लगाई है। बिजारिया बावड़ी निवासी मोहनराम गत वर्ष 12 अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इनके सिर में गम्भीर चोट आ गई। मोहनराम की पत्नी धनीदेवी ने बताया कि घायलावस्था में मोहनराम को जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में एडमिट करवाया था।

एक माह एडमिट रहने पर भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के चलते परिजन अहमदाबाद ले गए। वहां 27 दिन एडमिट रहे। वहां डॉक्टरों ने हेड इंजरी ऑपरेशन के तीन स्टेप बताए। ऑपरेशन और 27 दिन वहां रुकने पर करीब 17 लाख रुपए खर्च हो गए। धनीदेवी ने बताया कि अब दूसरे स्टेप में पेट से हड्डी को वापस सिर में शिफ्ट करने का चरण है, इसका खर्च लगभग 15 लाख के करीब है। रुपए नहीं होने के कारण ऑपरेशन नहीं करवा पा रहे हैं। रिश्तेदारों की मदद के बावजूद परिवार आर्थिक स्थिति से टूट गया और आर्थिक तंगी के चलते मोहनराम को अहमदाबाद से वापस जोधपुर एम्स अस्पताल में एडमिट करवाया।

एम्स अस्पताल में भी इनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। परिजन मोहनराम को घर लेकर आ गए। 11 महीनों से घर पर ही देखरेख कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन ही एकमात्र उपचार है। यह बहुत महंगा है। परिवार के वश की बात नहीं है। उन्होंने भामाशाहों से मदद की गुहार लगाई है।

Next Story