शादी की खुशियां मातम में बदलीं, NH-48 पर भीषण हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत

कोटपूतली-बहरोड़: राजस्थान के जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बहरोड़ क्षेत्र में दहमी पुलिया के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। पांचों युवक शादी समारोह से कार में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान देवेंद्र कुमार (24), हेमंत कुमार (25) और हरीश कुमार (27) के रूप में हुई है। वहीं हर्ष कुमार और साहिल कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है।
सब इंस्पेक्टर सुबे सिंह के मुताबिक कार और डंपर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पार्क अस्पताल, बहरोड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देवेंद्र और हेमंत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरीश को अलवर रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पांचों युवक भगवाड़ी गांव में अपने रिश्तेदार अजय और संजय प्रजापत की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। कार हरीश कुमार चला रहा था।
परिजनों का आरोप है कि दहमी पुलिया से नीचे उतरते समय आगे चल रहे डंपर चालक ने बिना ब्रेक लाइट या संकेत दिए अचानक वाहन सड़क के बीच रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही कार डंपर में जा घुसी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तीन युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। शादी की खुशियां एक ही रात में दुख में बदल गईं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





