राजस्थान

वार्ड 63- निर्माण के कुछ माह में ही टूटी सीसी सड़कें और नालियां

Admin Delhi 1
20 Feb 2023 2:40 PM GMT
वार्ड 63- निर्माण के कुछ माह में ही टूटी सीसी सड़कें और नालियां
x

कोटा: सीसी सड़कें और नालियां तो बनी हैं लेकिन उनमें जिस निर्माण सामग्री को उपयोग में लिया गया था वो एकदम घटिया क्वालिटी की थी और उसी का परिणाम है कि बनने के कुछ महीने बाद ही सड़कों पर गिट्टी नजर आने लगी है और इस गिट्टी के कारण वाहन चालकों को गिरने का या टायरों के कटने का डर लगा रहता है। जो काम वार्ड में हो रहे हैं या हुए हैं वो इनती धीमी गति से की लोग परेशान हो चुके हैं। एक जगह का काम पूरा होता नहीं और दूसरे स्थान को खोद दिया जाता है। कुछ इस प्रकार की तकलीफें बयान की है कोटा नगर उत्तर के वार्ड नम्बर 63 के कुछ लोगों ने। लोगों का कहना है कि निगम में बोर्ड कांग्रेस का है तो काम हुए हैं लेकिन आज भी वार्ड में कई समस्याओं के समाधान की जरूरत है। वार्ड के कुछ लोग बताते हैं कि जब वार्ड में नालियों और सड़कों का कार्य प्रारम्भ हुआ तो हमने सोचा कि सड़क किनारे लोगों ने जो अतिक्रमण किए हुए हैं उनसे छुटकारा मिलेगा, बाजार कुछ चौड़ा होगा और आवागमन में सुविधा होगी लेकिन जैसे ही निर्माण कार्य पूरे हुआ लोगों ने वहां फिर से अतिक्रमण कर लिया लेकिन निगम और जिला प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं गया। इन अतिक्रमियों के कारण मुख्य बाजार में शाम होते होते तो कई बार जाम लग जाता है। निगम प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। अब दिखती दिखाती समस्या के लिए भी शिकायत करनी पड़े तो फिर दूसरी समस्याओं के समाधान की तो उम्मीद ही क्या करें।

वार्ड के कुछ लोगों का कहना है कि वार्ड पार्षद ने विकास के ठीक कार्य करवाएं हैं। कई स्थानों पर सीसी रोड बन चुके हैं। जहां पहले बड़े-बड़े गड्ढेंÞ नजर आते थे आज वहां एकदम सपाट रोड है। निगम की ओर से नई रोड लाइट भी लगवाई गई हैं। पीने का पानी बराबर आता है। पार्षद को कोई समस्या बताओ तो वो उसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करते है। निगम में बोर्ड कांग्रेस का है तो उनकी चलती भी पूरी है। वार्ड में नालियों का निर्माण और नाली पटान के भी काम हुए है। सफाई समय पर हो रही हैं। निगम के टिपर नियमित रूप से कचरा उठाने के लिए आते हैं। वार्ड में छोटी-मोटी समस्याओं को हटा दिया जाए तो कोई बड़ी समस्या नहीं है। वहीं वार्ड के कुछ लोगों ने बताया कि वार्ड के कई हिस्सों में रोड लाइट की हालात ठीक नहीं है। कभी जलती है, कभी नहीं। रात में अंधेरा छाया रहता है। सफाईकर्मी आते हैं लेकिन कचरा सारा नालियों में डाल जाते हैं जिससे कई बार नालियां जाम हो जाती हैं और गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। बीते दो महीनों से वार्ड के कुछ इलाकों में टिपर नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं। पहले दिन में दो बार आते थे अब एक या दो दिन छोड़कर आते हैं। इससे सड़क किनारों पर कचरा पड़ा रहता है। कुछ जगहों पर रोड के काम बाकी हैं। सड़कों के किनारें सही नहीं है।

इनका कहना है

वार्ड की कासिम गली में रोड व नालियों का काम नहीं हुआ है, रंगपुर रोड पर गली 1-5 में पिचिंग वर्क बकाया है। वार्ड में श्वानों का बहुत आतंक है। आए दिन बच्चों को काटते रहते हैं। रोड लाइट और पानी की कोई समस्या नहीं है। वार्ड में रोड बने हैं। खेड़ली फाटक से संजय नगर मुक्तिधाम तक के वार्डों में कोई खेल मैदान नहीं है।

-बृजेश शर्मा, वार्डवासी।

वार्ड में कोई समस्या नहीं है। सफाई व्यवस्था एकदम दुरुस्त है। वार्ड पार्षद अच्छा कार्य करवा रहे है। कुछ स्थानों को छोड़कर नालियों की कोई समस्या नहीं है। वार्ड के कई स्थानों पर सीसी रोड बने हैं। वार्ड में टिपर नियमित रूप से आते हैं। पीने के पानी के प्रेशर की कोई दिक्कत नहीं है। समय पर पानी की आपूर्ति हो रही है।

-रजत गूंद, वार्डवासी।

दुष्यंत सिंह हाड़ा वार्ड पार्षद से उनके मोबाइल फोन पर सम्पर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Next Story