राजस्थान

वोट सबको दिए मगर सुविधाएं कोई नहीं दिलवा रहा, पाइप लाइन बिछी लेकिन पानी की समस्या बरकरार

Admin Delhi 1
27 Jan 2023 2:07 PM GMT
वोट सबको दिए मगर सुविधाएं कोई नहीं दिलवा रहा, पाइप लाइन बिछी लेकिन पानी की समस्या बरकरार
x

कोटा: हमारे वोट से लोग सांसद, एमएलए और पार्षद बनते हैं लेकिन फिर भी हम बरसों गुजर जाने के बाद पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी तरस रहे हैं। यह कहना है कोटा दक्षिण के वार्ड 33 में आने वाली बरड़ा के्रशर बस्ती के लोगों का। दरअसल ये बस्ती वन विभाग की भूमि पर सालों पहले बसाई गई हुई है जहां रहने वालों को मतदाता तो बना दिया गया लेकिन वे आज भी छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। ये बात पार्षद स्वयं भी स्वीकार करते हैं। पूरे वार्ड में विकास के कई कार्य हुए हैं लेकिन आज भी कई कार्यों की दरकार है। नगर निगम दक्षिण का ये वार्ड करीब 5000 मतदाता वाला वो वार्ड है जिसे यूआईटी को सौंपा गया था। वार्ड में सम्पूर्ण बरड़ा बस्ती, सम्पूर्ण के्रशर बस्ती, ट्रक यूनियन पीछे कर्णेश्वर ब्लॉक, ट्रक यूनियन के सामने बोम्बे योजना और सुभाष नगर श्मशान आदि इलाकें आते हैं। इन इलाकों के लोग बताते है कि पार्षद ने काम तो बहुत करवा दिये लेकिन आज भी वार्ड के कई हिस्सों में कई महत्तपूर्ण कार्य होने बाकी है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर रोड लाइट नहीं है, कई गलियों में रातभर अंधेरा रहता है। कचरा उठाने के लिए टिपर समय पर नहीं आते हैं।

वार्डवासी बताते हैं कि पार्षद ने कर्णेश्वर हाउसिंग स्कीम में पीने के पानी की पाइप लाइन डलवाने का वो कार्य किया है जिसके लिए सालों से केवल आश्वासन ही मिल रहा था। पाइप लाइन डलने के बाद लोगों को पीने के पानी की समस्या से निजात मिली है। पार्षद को कोई भी कार्य कहो वो करते हैं। कचरा उठाने के लिए निगम के टिपर सुबह-शाम आ रहे हैं। वार्ड के कुछ लोगों का कहना है कि वार्ड में अच्छे काम हुए हैं। पार्षद को कहने की कम ही जरूरत पड़ती है कि उनकी ये समस्या है। वार्ड के लोगों का कहना है कि पार्षद को कहने के कुछ समय बाद ही उनकी शिकायतें दूर हो जाती है। वार्ड के उद्यानों की दशा सुधर गई है। पार्षद ने वार्ड के हर नागरिक को निगम और यूआईटी की ओर से हर वो सुविधा दिलवाने की कोशिश की हैं जिसकी उसको जरूरत है। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता है। जहां तक हो सकता है वार्ड के हर नागरिक की समस्या को दूर करने का प्रयास करते है। वार्ड में बस आवारा जानवरों की भरमार है। वार्ड पार्षद का कहना है कि वार्ड के कुछ हिस्सों में पूरी सड़कें सीसी करवा दी है। मुक्तिधाम के जीर्णाेद्धार का काम चल रहा है। लोगों के काम के लिए सदा तत्पर रहता हूं। जहां तक हो सका है लोगों की समस्याओं को सुलझाने का प्रयास किया है।

इनका कहना है

वार्ड में अवैध खनन हो रहा है लेकिन कोई ध्यान नहीं देता है। वार्ड के लोगों की हर समस्या में व्यक्तिगत रूचि लेता हूं। सुभाष नगर और बोम्बे योजना में सीसी रोड बना दिए है। वार्ड में पर्यापत लेबर है जिससे उद्यानों की समय पर देखरेख हो रही है।

-कमलकांत शर्मा, वार्ड पार्षद।

वार्ड में साफ-सफाई समय पर हो रही है। उद्यानों के गेट रिपेयर होना बाकी है। वार्ड में काफी पेड़-पौधें लगवाए गए हैं। रोड लाइट लग चुकी है। पानी की पाइपलाइन डल चुकी है। कर्णेश्वर हाउसिंग योजना में बन रहे प्राइवेट बस स्टेन्ड के कारण अतिक्रमण होने लगे हैं। पार्षद को फोन करते ही आते है।

-अरविन्द गर्ग, वार्डवासी।

कई जगहों पर सीसी रोड बन चुके है। लेबर होने से गार्डन की देखरेख समय पर हो रही है। आवारा जानवरों की बहुत समस्या है। कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी है। कई बार कचरा उठाने के लिए टिपर समय पर नहीं आता है। फिर भी वार्ड की कई ऐसी समस्याएं खत्म हो चुकी है जो काफी समय से चली आ रही थी।

-लोकमान सागर, वार्डवासी।

Next Story