राजस्थान

जयपुर में 30 नवंबर से विटामिन-ए अभियान, 6.19 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी सिरप

Admindelhi1
28 Nov 2026 12:36 PM IST
जयपुर में 30 नवंबर से विटामिन-ए अभियान, 6.19 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी सिरप
x
बच्चों को रतौंधी और आंखों की बीमारियों से बचाने की तैयारी, 51वां विटामिन-ए चरण शुरू

जयपुर: बच्चों को विटामिन-ए की कमी से होने वाले कुपोषण, रतौंधी और आंखों से जुड़ी बीमारियों से बचाने के लिए राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 51वां विटामिन-ए अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 30 नवंबर से 30 दिसंबर तक आयोजित होगा। इसके तहत जयपुर जिले में 9 माह से 5 वर्ष तक की आयु के 6 लाख 19 हजार 20 बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों डॉ. रवि शेखावत और डॉ. सुरेंद्र गोयल ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों की आंखों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अभियान के दौरान 9 से 12 माह तक के बच्चों को 1 एमएल और 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 2 एमएल विटामिन-ए सिरप दी जाएगी। निर्धारित अंतराल पर यह खुराक बच्चों को उपलब्ध कराई जाएगी।

अभियान के दौरान बच्चों के नियमित टीकाकरण की स्थिति भी जांची जाएगी। जिन बच्चों का टीकाकरण अधूरा है, उन्हें आवश्यक टीके लगाए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा संस्थानों, एएनएम, आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सिरप की पर्याप्त उपलब्धता, स्वच्छता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

Next Story