राजस्थान

धोनी के लिए विजेश की दीवानगी- खून से लिखा निमंत्रण पत्र

Shreya
25 Jun 2023 8:09 AM GMT
धोनी के लिए विजेश की दीवानगी- खून से लिखा निमंत्रण पत्र
x

भीलवाड़ा। विख्यात क्रिकेटर महेंद्र सिंह सोनी के प्रति भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा में एक क्रिकेट खिलाड़ी विजेश कुमार में जबरदस्त दीवानगी है। विजेश ने शाहपुरा में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर 07 जुलाई से हैप्पी बर्थडे वर्ल्ड कप करवाने की घोषणा की है।

इस प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन रविवार सुबह खान्या का बालाजी मंदिर परिसर में महंत रामदासजी त्यागी महाराज ने किया। धोनी के फैन विजेश ने स्वयं के खून से यहां निमंत्रण पत्र पर आई लव यू माही, आपको आना है, लिखकर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को शाहपुरा आने का न्योता भेजा है। पत्र के पीछे विजेश ने खून से और भी प्यारा सन्देश लिखते हुए अपनी दीवानगी जताई है।

विजेश ने बताया कि कुल पांच स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिता में पांच मुकाबले करवाए जाएंगे। इसमें 12 टीमें भाग लेंगी। इसके लिए पंजीयन 01 जुलाई तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार एवं उपविजेता टीम को 16 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

संभवतः यह पहली बार है जब देश के विख्यात किसी क्रिकेटर के फैन द्वारा उसके जन्मदिन पर ऐसा आयोजन किया जा रहा है। पूरे शहर में इसका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। क्रिकेट खिलाड़ी विजेश एक मध्यम परिवार से आते हैं जो अपनी कड़ी मेहनत से यह कार्यक्रम करवाने जा रहे हैं। इसको लेकर शाहपुरा के क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

Next Story