राजस्थान

विजयदशमी हिंदू समाज की साझा परंपरा का उत्सव

Admindelhi1
21 Oct 2026 7:55 AM IST
विजयदशमी हिंदू समाज की साझा परंपरा का उत्सव
x
हिंदू समाज की शक्ति और एकता का पर्व है विजयदशमी

धौलपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की धौलपुर नगर इकाई की ओर से विजयदशमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शस्त्र पूजन के बाद पथ संचलन निकाला गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग एवं व्यायाम से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने विभिन्न शारीरिक अभ्यासों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूज्य पागल बाबा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सनातन धर्म की रक्षा के लिए सर्वोत्तम संगठन है। संत हनुमान दास महाराज ने कहा कि संघ समाज के प्रत्येक क्षेत्र को जोड़ने का कार्य निरंतर कर रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राम अवतार ने समाज के लोगों से देश के लिए अपने योगदान पर विचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विजयदशमी केवल प्रतीकात्मक रूप से रावण दहन का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर मौजूद बुराइयों को समाप्त करने का भी अवसर है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम के प्रमुख दिनेश ने कहा कि विजयदशमी केवल संघ का पर्व नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज का पर्व है। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अत्याचार बढ़े, तब-तब ईश्वर ने अवतार लेकर धर्म की स्थापना की। प्रत्येक युग में धर्म की स्थापना के तरीके और नीतियां अलग-अलग रही हैं। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार कलियुग में संगठित होकर शक्ति अर्जित करना आवश्यक है।

दिनेश ने शस्त्र पूजन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शस्त्रों के माध्यम से ही शास्त्रों की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने 100 वर्ष पूरे कर चुका है और आज उसकी पहुंच देश के प्रत्येक गांव तक है। जीवन और समाज का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां संघ की उपस्थिति न हो। उन्होंने बताया कि संघ समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पांच संकल्पों को अपनाने का आह्वान कर रहा है।

कार्यक्रम के समापन के बाद गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने नगर के विभिन्न मार्गों से अनुशासित तरीके से पथ संचलन निकाला। इस दौरान जगह-जगह विभिन्न समाजों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला संघचालक राम अख्तियार, जिला प्रचारक रौनक सहित संघ के अन्य पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Next Story