राजस्थान

यूआईटी मुख्य मार्गों की सफाई करवा रही, स्वच्छता रैकिंग में केन्द्रीय टीम का रहेगा फोकस

Admin Delhi 1
24 Feb 2023 2:36 PM GMT
यूआईटी मुख्य मार्गों की सफाई करवा रही, स्वच्छता रैकिंग में केन्द्रीय टीम का रहेगा फोकस
x

कोटा: नगर निगम का मुख्य काम शहर में साफ सफाई का है। लेकिन अब उस काम में भी नगर विकास न्यास निगम का सहायक बन रहा है। शहर के मुख्य मार्गों की सफाई पिछले कुछ समय से नगर विकास न्यास ही करवा रहा है। नगर विकास न्यास की ओर से शहर में विकास व सौन्दर्यीकरण के कार्य करवाए गए हैं। हजारों करोड़ रुपए से करवाए गए विकास कार्यों की देखभाल के लिए तो न्यास ने उनका 5 से 10 साल के लिए ओ एण्ड एम (प्रबंधन एवं संचालन) का ठेका दिया है। जिससे इस अवधि में उन कामों की पूरी जिम्मेदारी संबंधित संवेदक की ही है। साथ ही न्यास ने शुरुआत में उन विकास कार्य स्थान पर सफाई नजर आए इसके लिए न्यास ने ठेके पर सफाई कर्मचारी लगाए थे। जिससे वे रात के समय ऐसी जगहों पर सफाई कर रहे थे। लेकिन वर्तमान में विकास कार्यों के साथ ही शहर के सभी मुख्य मार्ग चाहे वह नगर निगम कोटा उत्तर का क्षेत्र हो या कोटा दक्षिण का।

इन क्षेत्रों में करवा रहा न्यास सफाई

नगर विकास न्यास द्वारा शहर में मुख्य मार्गों की सफाई का कार्य संवेदक के माध्यम से कराया जा रहा है। सितम्बर 2022 में इसका टेंडर किया गया था। जिसका काम 1 अक्टूबर से शुरू हो गया है। एक साल के लिए किया गया टेंडर 30 सितम्बर 2023 तक लागू रहेगा। न्यास द्वारा संवेदक के माध्यम से रेलवे स्टेशन से झालावाड़ रोड प्रवेश द्वार तक। नेहरु गार्डन से अदालत चौराहा, अदालत चौराहे से महर्षि नवल चौराहा,महर्षि नवल सकिल से अग्रसेन चौराहा होते हुए महिला घाट तक। य्वाला तोप से इंदिरा गांधी तिराहा होते हुए घोड़े वाले बाबा सर्किल तक मुख्य सड़क व फ्लाई ओवर, एरोड्राम चौराहे से सीएडी सर्किल तक, किशोर सागर तालाब की चारों तरफ की सड़क, नयापुरा चौराहे से अंटाघर तक, नयापुरा चौराहे से अग्रसेन सर्किल, नयापुरा थाने से सीबी गार्डन गेट तक की सड़क, जेडीबी कॉलेज से अग्रसेन सर्किल तक की सड़क, गुमानपुरा से कोटड़ी तक की सडणक और गुमानपुरा से छावनी फ्लाई ओवर तक की सड़क की सफाई शामिल है।

कोटा उत्तर महापौर ने जताई नाराजगी

नगर निगम कोटा उत्तर की महापौर मंजू मेहरा ने कोटा उत्तर क्षेत्र के मुख्य मार्गों की सफाई सही ढंग से नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित अधिकारी को अपने कक्ष में बुलाकर सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि रात के समय मुख्य मार्गों की सफाई करने के बाद कचरे को वहीं कचरा पाइंट पर ढेर लगाया जा रहा है। कई जगह पर सफाई ही नहीं हो रही है। जबकि निगम ने कई कचरा पॉइंट समाप्त कर दिए हैं। महापौर ने निर्देश दिए कि सफाई करने के बाद कचरे को तुरंत ट्रेक्टर ट्रॉली से उठाया जाए। जिससे सफाई नजर आए। गौरतलब है कि कुछ समय बाद स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम के कोटा आने की संभावना है। ऐसे में टीम द्वारा शहर के मुख्य मार्गों की ही और रात में होने वाली सफाई को देखा जाएगा। नगर विकास न्यास के सहयोग से शहर की सफाई में रैकिंग सुधार का भी प्रयास किया जा रहा है।

इनका कहना है

नगर निगम पहले वार्डों के साथ ही मुख्य मार्गों की भी सफाई करवाता था। मेन रोड की लेबर अलग से लगती थी। लेकिन अब यह काम चाहे उत्तर हो या दक्षिण निगम क्षेत्र में यूआईटी करवा रहा है। नगर निगम सिर्फ वार्डो में और अंदरूनी इलाकों में ही सफाई करवा रहा है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्य मार्गों की सफाई को बेहतर किया जाए।

-मंजू मेहरा, महापौर नगर निगम कोटा उत्तर

Next Story