राजस्थान

Udaipur: कार की टक्कर में तीन की मौत, बड़ा बेटा अस्पताल में भर्ती

Admindelhi1
31 July 2026 4:31 PM IST
Udaipur: कार की टक्कर में तीन की मौत, बड़ा बेटा अस्पताल में भर्ती
x
उदयपुर में कार हादसे से परिवार उजड़ा, तीन की मौत

उदयपुर: जिले में गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार बेकरिया थाना क्षेत्र में आकियावड़ के पास गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 8 वर्षीय तुषार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उसके पिता नवनीत मीणा (36), मां संगीता (33) और बड़े भाई निखिल (14) को उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान नवनीत और संगीता ने भी दम तोड़ दिया, जबकि निखिल की हालत गंभीर बनी हुई है।

गोगुंदा थाना के एएसआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक परिवार राजसमंद जिले के चक्की क्षेत्र का निवासी था और स्कूटी से पिंडवाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान आकियावड़ के पास कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और स्कूटी को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Next Story