राजस्थान

Udaipur: हत्याकांड से आक्रोशित लोगों ने वल्लभनगर बंद का किया आह्वान

Admindelhi1
5 Aug 2026 12:14 PM IST
Udaipur: हत्याकांड से आक्रोशित लोगों ने वल्लभनगर बंद का किया आह्वान
x
मां-बेटी की हत्या से गुस्सा, वल्लभनगर में बंद का असर

उदयपुर: उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुंडोल गांव में मां-बेटी की हत्या के विरोध में मंगलवार को वल्लभनगर के बाजार पूरी तरह बंद रहे। स्थानीय व्यापार मंडल और धनगर गाडरी समाज के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग कबूतर चौक पर एकत्रित हुए और रैली निकालते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने 'मां-बेटी को न्याय दो', 'हत्यारों को फांसी दो' और 'आरोपियों की सम्पत्ति कुर्क करो' जैसे नारे लगाए तथा उपखंड कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

स्थिति को देखते हुए वल्लभनगर थाने से पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और लोगों से समझाइश की। समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने, हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा दोषियों की सम्पत्ति कुर्क करने की मांग उठाई।

गाडरी समाज के जिलाध्यक्ष नारायण गाडरी ने कहा कि यदि समाज को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज समाज की जाजम पर न तो बीजेपी और न ही कांग्रेस के नेताओं को आने दिया जाएगा। उनका कहना था कि समाज को आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई चाहिए। उन्होंने आरोपी की सम्पत्ति ध्वस्त करने और सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालने की भी मांग की।

समाज के प्रतिनिधि भगवानलाल अहीर ने आशंका जताई कि दोहरे हत्याकांड में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है। उन्होंने पुलिस से मामले की हर कड़ी की गहन जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।

वल्लभनगर थानाधिकारी पूनाराम ने बताया कि पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी जयमीन उर्फ बंटी दवे (37) को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है और उससे हर पहलू पर पूछताछ की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मुंडोल गांव में मुंह बोले बेटे जयमीन उर्फ बंटी दवे ने लूंगा बाई (70) और उनकी बेटी अमरीबाई गाडरी (47) की हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कर्ज से परेशान होकर लूट की नीयत से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था।

Next Story