उदयपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को किया नमन, वीर बलिदानियों का स्मरण

उदयपुर: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद की ओर से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के बाप्परावल सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, सामाजिक जागरण और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया।
मुख्य वक्ता विपुल भाई पटेल ने कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन, शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' के नारे को स्वशासन और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। साथ ही बिरसाइत पंथ के माध्यम से नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश देने की बात कही।
कार्यक्रम में तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, रानी दुर्गावती, टंट्या भील और वीर नारायण सिंह सहित कई जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने मानगढ़ पहाड़ी के बलिदान का उल्लेख करते हुए मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक और तीर्थ के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. थावरचंद डामोर ने की। मुख्य अतिथि समर्थ लाल परमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अंत में जनजातीय वीर बलिदानियों के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया।





