राजस्थान

Udaipur: कार ओवरटेक पर मारपीट, युवकों पर हमला

Admindelhi1
9 May 2026 11:39 AM IST
Udaipur: कार ओवरटेक पर मारपीट, युवकों पर हमला
x
'ओवरटेक को लेकर मारपीट का मामला"

उदयपुर: झीलों की नगरी उदयपुर में नेशनल हाईवे-48 पर सरेराह गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है। कार ओवरटेक करने को लेकर हुए मामूली विवाद में कुछ बदमाशों ने बर्थ-डे पार्टी से लौट रहे तीन युवकों को गाड़ी रुकवाकर बेरहमी से पीटा। इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बीच सड़क पर युवकों पर डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं।

घटना सवीना थाना क्षेत्र के गीतांजलि हॉस्पिटल के पास 6 मई की सुबह करीब 4:30 बजे की है। न्यू विद्यानगर निवासी प्रियंका राजावत ने पुलिस को बताया कि 5 मई को उनके पिता का जन्मदिन था। वे अपने भाई निखिलराज सिंह और उसके दोस्तों, शुभम व अभिषेक के साथ एकलिंगपुरा स्थित एक रेस्टोरेंट से खाना खाकर घर लौट रहे थे।

रास्ते में एक अन्य कार को ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हो गई। बदमाशों ने हुंडई मोटर्स के पास निखिल की कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया। कार से दो युवक और दो युवतियां नीचे उतरे और बहस करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने बेस बॉल के डंडों से हमला कर दिया।

इस हमले में निखिल राज के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उसके दोस्त शुभम के पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि अभिषेक को भी काफी चोटें आई हैं। घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क पर पड़े घायल युवकों को वहां से गुजर रहे राहगीरों ने संभाला और पुलिस को सूचना दी।

सवीना थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबरों के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

Next Story