राजस्थान

फर्जी दस्तावेज तैयार कर यूसीएनआईटीए की संपत्ति बेच दी गई

Admin Delhi 1
11 Aug 2023 7:30 AM GMT
फर्जी दस्तावेज तैयार कर यूसीएनआईटीए की संपत्ति बेच दी गई
x

अजमेर: यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया ट्रस्ट एसोसिएशन की सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक संपत्ती को पंजाब, कर्नाटकर और अजमेर निवासी तीन लोगों ने एक महिला को बेच दिया। संस्था की जमीन होने और फर्जीवाड़े की पूरी जानकारी होने के बावजूद महिला ने जमीन खरीद भी ली। जानकारी होने पर संस्था के ज्वाइंट पॉवर ऑफ अटर्नी होल्डर की ओर से चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया ट्रस्ट एसोसिएशन के ज्वाइंट पॉवर ऑफ अटर्नी होल्डर संदीप पॉल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संस्था महाराष्ट्र में पंजीकृत है और इसका मुख्यालय भी मुंबई में है। संस्था के प्रत्येक पदाधिकारी का एक डीएन नंबर होता है जो उनके संस्था में पद पर आसीन होने का साक्ष्य है। साथ ही पदाधिकारियों द्वारा हर साल खाते, बैलेंसशीट, आयकर विभाग रिपोर्ट सबमिट किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि पंजाब के गुरूदासपुर स्थित हम्बोवाल निवासी रफीक मसीह, कर्नाटक के जिला बेलगाम स्थित नियाली निवासी योहान इम्मानुल और झांसी के ईसाई तोला निवासी स्टीफन सिंह ने खुद को संस्था का अधिकृत पदाधिकारी बताकर संस्था संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और उसके बाद अजमेर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित हरविलास निवासी रंजू जयपाल को संस्था की 672.64 वर्गगज भूमि का बेचान कर दिया। साथ ही सौदे में जिस पेनकार्ड का इस्तेमाल किया गया है वह भी संस्था का विधिक पेनकार्ड नहीं है।

संदीप पॉल के मुताबिक मामले की महिला आरोपी रंजू जयपाल इस फर्जीवाड़े के बारे में शुरूआत से सबकुछ जानती थीं इसके बाद भी उन्होंने संपत्ति की खरीद की। सिविल लाइंस पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच खुद ट्रेनी आरपीएस आयुष वशिष्ठ कर रहे हैं।

Next Story