राजस्थान

दूध से झुलसे दो साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत

Admin4
21 Aug 2023 10:13 AM GMT
दूध से झुलसे दो साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत
x
कोटा। कोटा के बपावर थाना क्षेत्र में गर्म दूध से झुलसे दो साल के मासूम की उपचार के दौरान रविवार देर रात अस्पताल में मौत हो गई। मासूम तरुण आंगन में खेल रहा था। पास में ही चूल्हे पर भगोने में दूध गर्म हो रहा था। बच्चे ने खेलते-खेलते गर्म दूध के भगोने को पकड़ लिया। दूध तरुण के ऊपर गिर गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। घटना 12 दिन पहले की बपावर कला गांव की है। तरुण का कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।
चाचा चंद्रशेखर ने बताया कि 9 अगस्त की सुबह तरुण आंगन में खेल रहा था। उसकी मां 7 माह की बच्ची को दूध पिला रही थी। परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे। आंगन में गैस पर भगोने में 6-7 किलो दूध गर्म करने के लिए चढ़ा रखा था। तरुण खेलते -खेलते भगोने के पास चला गया। अचानक भगोने का गर्म दूध गिर गया। तरुण की पीठ बुरी तरह झुलस गई। तरुण के चिल्लाने पर उसकी मां ने संभाला। गंभीर रूप से झुलसे मासूम को बपावर हॉस्पिटल लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बालक को बारां रेफर कर दिया। बारां में इलाज के बाद कोटा रेफर कर दिया। कोटा के एमबीएस अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज के दौरान तरुण की मौत हो गई। बपावर थाना हेड कांस्टेबल रामेश्वर दयाल मीणा ने बताया कि मासूम तरुण के पिता ने रिपोर्ट दी है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।
Next Story