एक्टिवा सवार दो बहनों को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, हादसे में दोनों की हुई मौत

सिटी न्यूज़: आदर्श नगर थाना इलाके में सुबह एक तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटी सहित बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में स्कूटी सवार दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक का पैर में फ्रैक्चर हुआ वहीं इस हादसे के बाद आरोपित चालक कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कार को जब्त कर चालक की तलाश शुरु कर दी है. हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी और बाइक को टक्कर मारने के बाद कार के भी दोनों एयरबैग खुल गए और आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. सूचना पर पहुंची दुर्घटना थाना पूर्व पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है. साथ ही पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है.
एक्सीडेंट थाना (पूर्व) कांस्टेबल राजू ने बताया कि मृतका तृप्ति जैन (32) और प्रीति जैन (36) अजमेर की रहने वाली थी और यहां आदर्श नगर में चक्रवती बिल्डिंग में माता पिता के पास रह रही थी. दोनों बहनें सुबह जैन मंदिर में दर्शन करने के लिए निकली थी. मंदिर में दर्शन करने के बाद वह घर आ रही थी. तभी राजापार्क परनामी मंदिर के पास लग्जरी कार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा टूटकर बिखर गया,जबकि एक्टिवा पूरी क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर लगने से तृप्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रीति को एसएमएस अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं पास से गुजर रहा एक बाइक सवार आर्किटेक्ट शैलेंद्र चौहान इस दौरान हादसे का शिकार हो गया,जिसका एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में इलाज जारी है. इस हादसे के बाद आरोपित चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कार को सीज किया है और कार के नंबरों के आधार पर आरोपित चालक की तलाश की जा रही है.
बताया जा रहा है कि आरोपित चालक राजा पार्क में पूरी रात खुलने वाली चाय की एक दुकान पर चाय पीने आया था और चाय पीने के बाद वापस लौटते वक्त उसने स्कूटी व बाइक को टक्कर मार दी. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है. इधर शादीशुदा बहनों के ससुराल वालों को भी हादसे की जानकारी दे दी है और हादसे की जानकरी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई. माता पिता का रो रोकर बुरा हाल था. पुलिस ने बताया कि मृतक बहनों की भाभी यहीं रहती है,जबकि भाई विदेश में रहता हैं.





