राजस्थान

मैगी खाने के बाद सोईं दो बहनें, एक की मौत, दूसरी को हुईं उल्टियां

Admindelhi1
21 Nov 2026 12:38 PM IST
मैगी खाने के बाद सोईं दो बहनें, एक की मौत, दूसरी को हुईं उल्टियां
x
मंगलम सिटी में 7 साल की मासूम की मौत से हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मैगी (नूडल्स) खाने के बाद सात वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन की तबीयत बिगड़ गई। घटना करधनी थाना क्षेत्र के कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी की है। पुलिस प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है। हालांकि, बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को बच्चियों के माता-पिता चौमूं स्थित सिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती अपने बेटे गोविंद के पास गए हुए थे। घर पर 18 वर्षीय दिव्यांशी, 17 वर्षीय गुलशन, 14 वर्षीय समर और सात वर्षीय पीहू मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह बच्चे मंगलम सिटी स्थित विकास किराना स्टोर से 60 रुपये वाला मैगी का पैकेट खरीदकर लाए थे। सुबह करीब 10 बजे समर ने आधा पैकेट मैगी बनाकर खाया। इसके बाद बची हुई मैगी अपने भाई-बहनों के लिए गैस पर छोड़कर खेलने चला गया।

दोपहर करीब तीन बजे दिव्यांशी और पीहू ने मैगी खाई। खाना खाने के बाद दोनों बहनें सो गईं।

शाम करीब पांच बजे उनकी मां मीना घर लौटीं। उन्होंने दोनों बच्चियों को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह कमरे में पहुंचीं और बेटियों को जगाने का प्रयास किया।

इस दौरान दिव्यांशी उठते ही उल्टियां करने लगी, जबकि सात वर्षीय पीहू नहीं उठी। बच्चियों की हालत देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और दोनों को तत्काल मंगलम सिटी के पास स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पीहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बड़ी बहन दिव्यांशी को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी हालत में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मृतका के पिता दिनेश कुमावत ने बताया कि वह मकान पेंटिंग का काम करते हैं। फरवरी 2025 में उनकी मीना से शादी हुई थी। मीना के पहले पति का निधन हो चुका है। शादी के बाद से वह मीना और उनके पांच बच्चों के साथ कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी में रह रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

उन्होंने बताया कि बच्ची का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मैगी खाने और बच्ची की मौत के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Next Story