राजस्थान

शीशम तिराहा पर ट्रैक्टर-कार की टक्कर में दो मजदूरों की मौत, चार घायल

Admin Delhi 1
16 Jun 2023 8:36 AM GMT
शीशम तिराहा पर ट्रैक्टर-कार की टक्कर में दो मजदूरों की मौत, चार घायल
x

भरतपुर न्यूज़: शहर के शीशम तिराहे पर एक ट्रैक्टर व कार की टक्कर में दो मजदूरों की मौत हो गई। वहीं घटना में चार अन्य घायल हो गए। मृतक राजकुमार (35) पुत्र हरी सिंह व जानकी (17) पुत्री विजय सिंह जाति सैनी निवासी सिकलीगर मोहल्ला थाना सेवर की एक्सीडेंट में मौत हो गई। इसके अलावा पूजा (30) पत्नी विनोद निवासी सिकलीगर मोहल्ला थाना सेवर गंभीर रूप से घायल है जिसे आरबीएम के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मिनेश (20) पत्नी समीर निवासी सेवर व कार चालक सत्येंद्र सोनी(40) पुत्र राजकुमार सोनी व उनकी पत्नी पूजा सोनी निवासी शास्त्रीपुरम आगरा यूपी घायल हो गए। कार में दो इनके बच्चे अविका (12) व हार्दिक (15) भी सवार थे। घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार एक ट्रेक्टर-ट्रॉली सेवर से चिकसाना की ओर जा रहा था। ट्रॉली पर 10 मजदूर सवार थे जिनमें से 6 पुरुष व 4 महिलाएं और कुछ सिमेंट के बैग रखे हुए थे। सेवर के शीशम तिराहे से आगे ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और डिवाइडर को पार करते हुए सामने से आगरा की ओर से आ रही कार से टकरा गया। कार सवार करौली जा रहे थे। जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गया। इस घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

Next Story