
राजियासर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर ट्रक और कैंटर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कैंटर सवार दो लोग घायल हो गए जबकि ट्रक सड़क किनारे झाड़ियों में पलट गया। हादसा राजियासर और प्रेमनगर के बीच हुआ। कैंटर सवार दोनों घायल पंजाब के रहने वाले हैं और सूरतगढ़ की तरफ से ऑटो स्पेयर पार्ट्स कैंटर में भर कर ले जा रहे थे। इसी दौरान बीकानेर की तरफ से आ रहे ट्रक से उनकी आमने सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कैंटर का आगे का हिस्सा पिचक गया और ट्रक झाड़ियों में पलट गया। इससे ट्रक में लदी प्याज की बोरियां झाड़ियों में बिखर गईं। हादसा होने के साथ ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने इसकी सूचना राजियासर पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे राजियासर पुलिस के विजय कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों घायलों को सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया है। घायल सोनू और सुखजिंद्र पंजाब के रहने वाले हैं। दोनों एक ही कैंटर में सवार थे। इनमें सोनू के सिर में चोटें होने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कैंटर सवार लोगों के परिवार के लोगों से संपर्क का प्रयास शुरू कर दिया है। ट्रक के ड्राइवर के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।





