राजस्थान

नागौर में दर्दनाक हादसा, खेलते बच्चे के सिर पर गिरा टेंट का भारी पोल

Admindelhi1
22 Nov 2026 4:44 PM IST
नागौर में दर्दनाक हादसा, खेलते बच्चे के सिर पर गिरा टेंट का भारी पोल
x
शादी के बाद टेंट हटाते समय हादसा, 7 साल के मासूम ने गंवाई जान

नागौर: राजस्थान के नागौर में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मैरिज गार्डन में टेंट का भारी लोहे का पोल गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा शनिवार देर शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के सेलऊ रोड स्थित महालक्ष्मी मैरिज गार्डन में हुआ।

मृतक की पहचान यशवंत (7), पिता अनिल गहलोत, निवासी भीकाला बास, चेनार के रूप में हुई है। वह अपनी मां के साथ ननिहाल में रिश्तेदारी के शादी समारोह में शामिल होने आया था।

कोतवाली थाने के सहायक उप निरीक्षक भगवत भाकल के अनुसार, शनिवार दोपहर शादी की रस्में पूरी होने के बाद शाम को टेंट और सजावट का सामान हटाया जा रहा था। इसी दौरान गार्डन परिसर में खेल रहे यशवंत के सिर पर अचानक लोहे का भारी पोल गिर गया।

हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

यशवंत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार और रिश्तेदारों में शोक छा गया।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि टेंट हटाने के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।

Next Story