राजस्थान

पोकरण में व्यापारियों ने चोरी मामले में सरकार को 15 दिन का दिया समय

Shreya
19 July 2023 7:05 AM GMT
पोकरण में व्यापारियों ने चोरी मामले में सरकार को 15 दिन का दिया समय
x

जैसलमेर: पोकरण में आज 13 जुलाई से चल रहे विरोध प्रदर्शन के बाद आज व्यापारियों और पुलिस प्रशासन की वार्ता के बाद समापन हुआ। जिसके बाद एक बार फिर क्षेत्र में बाजार खुले। गौरतलब है कि पोकरण में पिछले दो सालों से लगातार हो रही चोरियों के बाद 12 जुलाई की रात को पोकरण के एक व्यापारी के यहां करीब 25 लाख के सामान की चोरी पर व्यापारियों ने आक्रोश जताते 13 जुलाई से पोकरण बाजार बंद की घोषणा की थी। जिसके बाद जुलूस निकलते हुए एसडीएम को ज्ञापन देकर धरने पर बैठ गए। जिसके बाद आज प्रशासन और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई।

लगातार 6 दिन से व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद होने से आमजन को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में प्रशासन भी लगातार व्यापारियों के साथ समझाइश कर रही थी। मंगलवार को उपखंड अधिकारी प्रभजोत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा, डीवाईएसपी कैलाशचंद्र बिश्नोई ने नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, जिला प्रमुख प्रतापसिंह, बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महंत प्रताप पुरी के साथ व्यापारियों से एक बार फिर समझाइस की।

जिस पर पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों से 15 दिन का समय मांगा और बताया कि जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा और माल बरामदगी की जाएगी। जिस पर व्यापार मंडल ने एकजुट होकर निर्णय लिया कि आगामी 15 दिन में अगर पुलिस प्रशासन चोरों को पकड़ने में सफल हो जाती है तो ठीक अन्यथा दोबारा इससे भी बड़ा आंदोलन व्यापारियों व आमजन के साथ किया जाएगा। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम ने व्यापारियों को यह भरोसा भी दिलाया कि पुलिस की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाया जाएगा और शहर में कानून व शांति व्यवस्था मजबूत की जाएगी जिस पर व्यापारियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया। साथ ही सर्व सहमति से प्रतिष्ठान खोलने का निर्णय लिया।

Next Story