राजस्थान

Tonk: स्कॉर्पियो की टक्कर में पूर्व सरपंच की मौत

Admindelhi1
21 Feb 2026 9:37 PM IST
Tonk: स्कॉर्पियो की टक्कर में पूर्व सरपंच की मौत
x

टाेंक: जिले में नेशनल हाईवे 52 पर बासनी गणेशजी मंदिर के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में उमर गांव के पूर्व सरपंच बाबू मोहन मीणा (55) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतक का एक पैर कट गया।

जानकारी के अनुसार, बाबू मोहन मीणा सुबह करीब 10:30 बजे बाइक से देवली की ओर जा रहे थे। उसी दौरान एक स्कॉर्पियो जयपुर से कोटा की तरफ जा रही थी। एक कट पर स्कॉर्पियो ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पूर्व सरपंच की मौके पर ही मृत्यु हो गई। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो मौके पर ही खड़ी रही, जिसकी आगे की नंबर प्लेट पर ‘विधायक’ लिखा हुआ था।

हादसे से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के चलते एनएच-52 पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही हिंडोली उपखंड अधिकारी शिवराज मीणा, तहसीलदार रतनलाल मीणा, डीएसपी अजीत कुमार मेघवंशी और हिंडोली थाना अधिकारी मुकेश कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया।

बाबू मोहन मीणा वर्ष 1991 में उमर गांव के सरपंच बने थे। उनके पिता गंगाराम मीणा 1963 से 1968 तक जनसंघ से विधायक रह चुके थे।

Next Story