राजस्थान

Tonk: राजस्थान में किसान खुशहाल, युवा रोजगार से आत्मनिर्भर: मुख्यमंत्री

Admindelhi1
31 Jan 2026 8:50 PM IST
Tonk: राजस्थान में किसान खुशहाल, युवा रोजगार से आत्मनिर्भर: मुख्यमंत्री
x

टोंक: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के प्रयासों से राजस्थान में किसानों का जीवन खुशहाल हो रहा है, गरीबों का उत्थान हो रहा है और युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिल रहे हैं। ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री शर्मा शनिवार को टोंक जिले के निवाई में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ये शिविर प्रदेश के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसानों और ग्रामीणों को सभी आवश्यक सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि ग्राम उत्थान शिविरों के जरिए किसानों और पशुपालकों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेशभर में 941 ग्राम उत्थान शिविर आयोजित कर लाखों ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया है। इन शिविरों के माध्यम से 50 हजार से अधिक सॉयल हेल्थ कार्ड और 33 हजार स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए हैं। साथ ही 2 लाख 60 हजार पशुओं की प्राथमिक चिकित्सा तथा 20 हजार पशुओं का टीकाकरण किया गया है। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत 20 हजार पंजीकरण भी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि जब गांव आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में वीबी जी राम जी कानून लागू किया गया है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। इस कानून के माध्यम से जल सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास और आजीविका संवर्धन जैसे स्थायी विकास कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता आएगी और श्रमिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा। यह कानून ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। किसान, युवा, महिला और मजदूर—चारों वर्गों के उत्थान के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेंडर, किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से राहत दी जा रही है, जिससे भारत का वैश्विक स्तर पर गौरव बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए ठोस रोडमैप के साथ कार्य कर रही है। जल संकट को प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और गंगनहर की मरम्मत जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य के तहत कार्य किया जा रहा है और वर्तमान में राज्य के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत राज्य सरकार किसानों को 9 हजार रुपये प्रदान कर रही है। बीते दो वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करा रही है। राइजिंग राजस्थान समिट के माध्यम से निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। युवाओं को रोजगार प्रदाता बनाने के उद्देश्य से राजस्थान युवा पॉलिसी लाई गई है। उन्होंने बताया कि अब तक एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 54 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा इस वर्ष एक लाख सरकारी पदों पर भर्तियों का कैलेंडर भी जारी किया गया है। सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टोंक जिले को 370 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 64 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल हैं। उन्होंने मल्टी क्रॉप थ्रेसर अनुदान, किसान क्रेडिट कार्ड, गोपाल क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता, शेडनेट एवं पॉली हाउस सब्सिडी योजनाओं के लाभार्थियों तथा राजीविका दीदी समूहों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए। साथ ही पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत सोलर पंप के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, विधायक रामसहाय वर्मा, राजेन्द्र गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Story