Tonk: पानी की आवक घटने से बीसलपुर बांध में निकासी 89वें दिन भी सीमित

टोंक: बीसलपुर बांध में पानी की आवक में लगातार कमी के कारण बांध का एकमात्र खुला गेट अब बंद होने की स्थिति में पहुंच गया है। बीते 13 घंटों में पानी की आवक घटने से रविवार रात 10 बजे दूसरी बार पानी की निकासी कम की गई।
सोमवार को गेट नंबर 11 को केवल 5 सेंटीमीटर खोलकर प्रति सेकंड 300 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे पहले रविवार को यही गेट 10 सेंटीमीटर खुला था, जिससे प्रति सेकंड 600 क्यूसेक पानी की निकासी हुई थी। शनिवार को यह गेट 25 सेंटीमीटर तक खुला था और उस समय 1503 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। आज बांध के गेट खुले रहने का 89वां दिन है, जो अब तक का सर्वाधिक है। इससे पहले अधिकतम 64 दिनों तक गेट खुले रहे थे। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि पानी की आवक में सुधार नहीं हुआ तो यह गेट आज या कल बंद किया जा सकता है। अब तक इस मानसून सीजन में बीसलपुर बांध से लगभग 130 टीएमसी पानी बनास नदी में छोड़ा जा चुका है।





