
ALWAR अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में सोमवार को तीन बच्चों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को खून से लथपथ हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना अलवर शहर के तुलेड़ा रोड और मालखेड़ा थाना क्षेत्र में हुई। बताया गया कि देव यादव नाम का बच्चा ट्यूशन से घर लौट रहा था, तभी अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला किया। इसी दौरान पास के घर में रहने वाले 10 साल के रोहित को भी कुत्तों ने घायल कर दिया।
मालखेड़ा थाना क्षेत्र से मिली जानकारी के अनुसार, तीन साल की मासूम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी आवारा कुत्ते ने उसे आंख पर नोंच लिया। परिजन तुरंत बच्ची को बचाने में सफल हुए और इलाज के लिए अस्पताल ले गए। स्थानीय लोग और प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। आवारा कुत्तों के लगातार हमले के कारण इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।





