राजस्थान

कोटा हाइवे के 35किमी तक नहीं है कोई भी एंबुलेंस सेवा, मरीज परेशान

Admin4
3 Oct 2022 4:25 PM GMT
कोटा हाइवे के 35किमी तक नहीं है कोई भी एंबुलेंस सेवा, मरीज परेशान
x

सवाई माधोपुर दुर्घटना में हुए घायल मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली भाड़ाैती 108 एंबुलेंस खुद बीमार है। करीब 12 दिन पूर्व घायल को जिला अस्पताल ले जाते समय मेनपुरा के पास खराब होकर खड़ी हो गई। एंबुलेंस स्टाफ ने सुरवाल 108 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया और चिकित्सा विभाग ने भाड़ाैती 108 एंबुलेंस को खराब बताकर भाड़ाैती पीएचसी के सामने खड़ी करवा दी। इससे पिछले 12 दिनों से भाड़ाैती 108 एंबुलेंस सेवा बंद पड़ी है जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि एंबुलेंस संचालन कर रही कंपनी के अनुसार 10 अक्टूबर तक नई एंबुलेंस लगा दी जाएगी।

लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर जस्टाना गांव से 35 किमी मेनपुरा तक एकमात्र भाड़ाैती में 108 एंबुलेंस सेवा थी, जो हाइवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायल व मरीजों को अस्पताल पहुंचाती थी। हालांकि भाड़ाैती 108 एंबुलेंस बिल्कुल खटारा हाेने से उसमें न तो ऑक्सीजन सिलेंडर था और ना ही शीशें और सीट सही-सलामत थी। जब 108 एंबुलेंस सेवा चालू थी तब भी एंबुलेंस महीने में कई बार खराब हो जाती थी, लेकिन जैसे-तैसे घायल व मरीजों को अस्पताल पहुंचा देती थी। 19 सितंबर को दुर्घटना में घायल युवक को मलारना डूंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर करने पर भाड़ाैती 108 एंबुलेंस उसे जिला अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन मेनपुरा गांव में अचानक बंद होकर खड़ी हो गई। जिस घायल को अस्पताल ले जा रहे थे उसकी हालत गंभीर नहीं थी। ऐसे में एंबुलेंस स्टाफ ने तुरंत सूरवाल 108 एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जिससे उसकी जान बच गई, अन्यथा गंभीर घायल की समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने से माैत भी हो सकती थी। भाड़ाैती 108 एंबुलेंस घायल को अस्पताल ले जाते समय अचानक बंद हो गई थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सुध नहीं ली। मरम्मत करानेकी जहमत नहीं उठाई। एेसे में मेनपुरा गांव में हाइवे के किनारे 8 दिन तक लावारिस खड़ी रही और उसके बाद अब भाडौती पीएचसी के सामने हाइवे के किनारे धूल फांक रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अब उसे कंडम बता दी है जिससे पिछले 12 दिनों से भाड़ाैती 108 एंबुलेंस सेवा ठप है। लालसोट- कोटा मेगा हाइवे पर अब तक हजारों दुर्घटनाएं हो चुकी है। इसमें सैकड़ों लोगों की जान भी जा चुकी है और तमाम घायल हाे चुके है। ऐसे में 108 एंबुलेंस सेवा खराब होने से जनआक्रोश है। ग्रामीणों ने भाड़ाैती एंबुलेंस सेवा को शुरू करने की मांग की है।

न्यूज़ क्रेडिट: aapkarajasthan

Next Story