राजस्थान

शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में चोरी से सुरक्षा पर उठे सवाल

Admindelhi1
28 Sept 2026 11:42 AM IST
शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में चोरी से सुरक्षा पर उठे सवाल
x
शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच

उदयपुर: उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र की नेमिनाथ जैन कॉलोनी स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अलसुबह चोर दानपात्र का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपए की नकदी, चांदी का छत्र सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घटना अलसुबह करीब 3:40 बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश मंदिर परिसर में नजर आ रहे हैं। इनमें से एक बदमाश ने सिर पर सफेद कपड़ा लपेट रखा था। वह लोहे के औजार से दानपात्र का ताला तोड़ता दिखाई दे रहा है। इसके बाद बदमाश मंदिर से नकदी और चांदी का छत्र सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी को दानपात्र का ताला टूटा हुआ मिला और मंदिर परिसर में सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल मंदिर समिति के पदाधिकारियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। एएसपी उमेश ओझा के निर्देश पर हिरणमगरी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा आपदा राहत विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री, मंदिर समिति अध्यक्ष शांतिलाल अखावत, सचिव डॉ. महावीर प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। मंदिर समिति पदाधिकारियों ने पुलिस से आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद करने की मांग की। पदाधिकारियों के अनुसार चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब चार लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

Next Story