राजस्थान

महिला को पीटकर और मरा समझकर फेंक गए, नाविक ने महिला को बचाकर पुलिस को दी सूचना

Admin Delhi 1
12 July 2022 2:12 PM GMT
महिला को पीटकर और मरा समझकर फेंक गए, नाविक ने महिला को बचाकर पुलिस को दी सूचना
x

सिटी क्राइम न्यूज़: धौलपुर के दिहोली थाना क्षेत्र के भूड़ा गांव में चंबल नदी में मिली एक महिला को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला के होश में आने पर उसने अपने पति, ननदेऊ और भांजे पर हत्या कर नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के पर्चा बयान लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने महिला के पीहर पक्ष को भी सूचना दी है। मनियां सीओ दीपक खंडेलवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट गांव की रहने वाली महिला राजकुमारी (25) की शादी 12 वर्ष पूर्व मध्यप्रदेश के अंबाह के पास रहने वाले सुनील के साथ हुई थी। जिसे उसका पति प्रताड़ित करता था। कुछ दिनों पहले महिला का पति उसे अपनी बहन के घर बसेड़ी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में छोड़ गया। जहां से सोमवार को वह बेटे की तबीयत खराब बताकर महिला को अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था, जिसके साथ दूसरी बाइक पर महिला का ननदेऊ भगवान और भांजा सचिन मौजूद था। महिला द्वारा दिए गए बयानों में बताया कि मध्य प्रदेश जाने के लिए तीनों ने भूड़ा गांव की चंबल घाट पर बाइक को लगाकर नाव के आने का इंतजार करने के लिए कहा।

इसी दौरान महिला के पति और उसके साथ मौजूद दोनों लोगों ने महिला से मारपीट करते हुए उसका गला दबाकर चंबल नदी में फेंक दिया। महिला को मरा हुआ समझकर तीनों आरोपी मौके से भाग गए। मंगलवार सुबह पुलिस को कंट्रोल रूम से महिला के चंबल नदी से जिंदा मिलने की सूचना मिली थी। जिस सूचना पर पुलिस ने मौके से महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे एएसआई राजेश सिंह ने बताया कि महिला को एक नाव चालक ने नदी से बाहर निकाल लिया था, जिसकी सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ महिला के पर्चा बयान लेकर मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस ने महिला के पीहर पक्ष को भी सूचना दी है।

महिला का था प्रेम प्रसंग: जानकारी के अनुसार महिला का ससुराल में किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके चलते महिला डेढ़ माह पहले घर से भाग गई थी। एमपी पुलिस ने महिला को दस्तयाब का उसकी ननद के घर भेज दिया। जहां से महिला का पति बेटे की बीमारी का बहाना बनाकर महिला को अपने साथ ले गया और उसकी हत्या करने की कोशिश की। हालांकि पूरे मामले को लेकर धौलपुर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।

Next Story