राजस्थान

जोधपुर में आज गूंजेगी शहनाई, 44 जोड़े शुरू करेंगे नई जिंदगी

Admindelhi1
20 Nov 2026 10:45 AM IST
जोधपुर में आज गूंजेगी शहनाई, 44 जोड़े शुरू करेंगे नई जिंदगी
x
गणेश पूजन और कलश यात्रा से विवाह उत्सव का आगाज, जोधपुर में 44 शादियां

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में शुक्रवार, 20 नवंबर को पीपा क्षत्रिय और बसेटा समाज के सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। दोनों समाजों के कुल 44 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों और पारंपरिक रस्मों के साथ परिणय सूत्र में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। दो दिवसीय आयोजनों का शुभारंभ गुरुवार को गणेश पूजन और कलश शोभायात्रा के साथ हुआ।

पीपा क्षत्रिय समाज का 23वां सामूहिक विवाह समारोह चोखा स्थित राधाकृष्णपुरम योजना विद्यालय एवं छात्रावास भूमि पर आयोजित होगा। इसमें समाज के 35 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इस अवसर पर तुलसी विवाह का भी आयोजन किया जाएगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रकाश चावड़ा और सचिव नरेश सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 9 बजे सामूहिक बारात रवाना होगी। सुबह 11 बजे बारात का स्वागत किया जाएगा और दोपहर 12 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होंगे। इसके बाद सामूहिक प्रसादी का आयोजन होगा तथा शाम 5 बजे वधुओं की विदाई की जाएगी।

वहीं, बसेटा (धोबी) विकास सेवा समिति की ओर से 17वां सामूहिक विवाह समारोह सरदारपुरा स्थित गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में समाज के 9 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधेंगे।

बसेटा समाज के विवाह समारोह की शुरुआत गुरुवार शाम राणीजी के मंदिर से गांधी मैदान तक निकाली गई कलश शोभायात्रा के साथ हुई।

समिति अध्यक्ष सुरेश बाणिया ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में जोधपुर सहित राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में समाज के लोग, गणमान्य नागरिक और परिवारजन शामिल होंगे।

दोनों समाजों के सामूहिक विवाह समारोहों में कुल 44 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। आयोजन में समाज के लोग नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।

Next Story