राजस्थान

राजस्थान में तीन दिन बदला रहेगा मौसम, आंधी-बारिश का अनुमान

Admindelhi1
14 Oct 2026 1:03 PM IST
राजस्थान में तीन दिन बदला रहेगा मौसम, आंधी-बारिश का अनुमान
x
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि के आसार

जयपुर: राजस्थान में बुधवार को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में 16 अक्टूबर तक आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने 14 अक्टूबर को पांच जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए किसानों को सतर्क रहने और कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, फलोदी और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश तथा कहीं-कहीं ओले गिरने की आशंका है।

पूर्वी राजस्थान में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा।

जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में 16 अक्टूबर तक मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है। जयपुर में 15 अक्टूबर के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान करीब 39.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

वहीं, राजधानी जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हुई, जबकि शाम और रात के समय हल्की ठंडक रही।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है।

Next Story