राजस्थान

जो जनता के बीच जायेगा वह पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान पायेगा: रंधावा

Admin Delhi 1
29 Jan 2023 9:05 AM GMT
जो जनता के बीच जायेगा वह पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान पायेगा: रंधावा
x

जयपुर: कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने कांग्रेस को एक मजबूत पार्टी बताते हुए कहा है कि जो जनता के बीच जायेगा तथा जनता के काम करेगा वह पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करेगा।

श्री रंधावा भारत जोड़ो यात्रा के तहत शुरु किए गए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर जयपुर सम्भाग के प्रमुख कांग्रेसजनों की यहां आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पार्टी नेता राहुल गॉंधी जनता के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं उसी प्रकार सभी कांग्रेसजनों को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि जिस मेहनत एवं लगन के साथ वर्ष 1979 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वापसी के लिये मेहनत की थी, उसी प्रकार मेहनत करते हुये इस अभियान के द्वारा पुन: केन्द्र में सरकार बनाने का कार्य करना है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस परिवार से आते हैं तथा पार्टी के अच्छे एवं बुरे दिन उन्होंने देखे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को महान् नेताओं ने अपने कार्यों के दम पर स्थापित किया है, उन नेताओं का सम्मान करते हुये आज सभी को यह समझना होगा कि कांग्रेस पार्टी के कारण ही सबका अस्तित्व है।

श्री रंधावा ने कहा कि जो नेता जनता के बीच नहीं जायेगा, जनता एवं कार्यकर्ताओं का दर्द नहीं समझेगा, वह राजनीति में सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस बहुत मजबूत है, क्योंकि बड़े-बड़े नेताओं ने पार्टी की मजबूत नींव रखी है तथा वर्तमान में उन महान् नेताओं की विरासत को सम्भालने के लिये सभी को जन-जन के बीच जाना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश से अंग्रेजों को भगाने के लिये संघर्ष किया था तथा अब भाजपा जो कि हमारे स्वतंत्रता सैनानियों का सम्मान करने की बजाए माफी वीरों का गुणगान करती है को हटाने के लिये संघर्ष करना पड़ेगा, जो कि जनता के बीच जाये बगैर सम्भव नहीं है।

श्री रंधावा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि केन्द्र सरकार ने देशभर के किसानों के खाते में राशि डाली जबकि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने तो किसानों का 14 हजार करोड़ रूपये का कर्ज माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में चिरंजीवी योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनायें कांग्रेस सरकार ने लागू की है, ऐसी एक भी लोक कल्याणकारी योजना केन्द्र सरकार ने लागू नहीं की है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिये केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया जा रहा है, आम जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गॉंधी आमजनता की दु:ख, तकलीफों एवं समस्याओं को उठाते हुये भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं जिसे जबरदस्त जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से श्री राहुल गॉंधी के भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, यह बात सभी नेताओं को समझनी होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की यदि सुनेंगे, तो कार्यकर्ता आपको सफलता दिलायेगा, इसलिये कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुरूप काम करते हुये पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करें।

श्री रंधावा ने कहा कि सभी प्रभारी मंत्री अपने प्रभार क्षेत्र में जायें तो यह सुनिश्चित करें कि किसी भी कार्यकर्ता का कोई काम ना रूके। उन्होंने कहा कि नेताओं को अपने कार्यकर्ताओं के संबंध में जानकारी होनी चाहिये कि उनके बताने से पहले ही कार्यकर्ता का काम हो जाये। उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है तथा सभी कांग्रेस

नेताओं को जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान करना चाहिये। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एवं नेता हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को सफल बनाने के लिये जुट जायें।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में विभिन्न जिलों के विधानसभा क्षेत्रों से आये कांग्रेसजनों ने अपने-अपने विचार रखे।

Next Story