राजस्थान
नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की ख़ुदकुशी, दस दिन पहले लौटी थी ससुराल
Shantanu Roy
20 Sep 2022 4:35 PM GMT

x
बड़ी खबर
जोधपुर। जोधपुर शहर के रातानाडा क्षेत्र में एक महिला ने अपने घर में फंदा लगा जान दे दी। यह महिला दो वर्ष से अपने पीहर में थी। दस दिन पूर्व ही अपने ससुराल लौटी थी। हालांकि उसके पीहर पक्ष की तरफ से किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया गया। ऐसे में पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। रातानाडा पुलिस के अनुसार क्षेत्र की अगरचंद फतेहचंद कॉलोनी निवासी एक 36 वर्षीय महिला ने अपने मकान के कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगा जान दे दी। महिला के भाई अजमेर निवासी महेन्द्र की तरफ से दी गई रिपोर्ट में बताया गया।
उसकी बहन कलावती की शादी बारह वर्ष पूर्व जोधपुर निवासी रतनलाल के साथ हुई थी। दस दिन पूर्व ही वह दो वर्ष तक पीहर में रहने के बाद अपने ससुराल लौटी थी। मृतका के भाई ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अनबन होने के कारण कलावती अपनी एक बेटी के साथ पीहर में ही रह रही थी। बाद में समाज के लोगों ने समझाइश कर दोनों पक्ष में समझौता करवाया। उसके बाद कलावती दस दिन पूर्व अपने ससुराल लौटी थी।
Next Story