राजस्थान

छोटीकाशी में गूंजेगा वाहेगुरु का नाम, पंज प्यारों की अगुवाई में निकलेगा नगर कीर्तन

Admindelhi1
20 Nov 2026 10:51 AM IST
छोटीकाशी में गूंजेगा वाहेगुरु का नाम, पंज प्यारों की अगुवाई में निकलेगा नगर कीर्तन
x
जयपुर में सिख समाज का भव्य आयोजन, हाथी पर निशान साहिब लेकर चलेंगे सेवादार

जयपुर: सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर जयपुर में धार्मिक आयोजनों की तैयारियां की गई हैं। 24 नवंबर 2026 को मनाए जाने वाले प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुवार को छोटीकाशी जयपुर में पारंपरिक खालसाई शान के साथ विशेष नगर कीर्तन निकालने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया।

राजापार्क गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन दोपहर 3:30 बजे गुरुद्वारा साहिब, चौड़ा रास्ता से शुरू होगा। शोभायात्रा त्रिपोलिया बाजार, किशनपोल बाजार, नेहरू बाजार, बापू बाजार और जौहरी बाजार से होते हुए गुरुद्वारा साहिब, चांदी की टकसाल पहुंचकर संपन्न होगी।

गुरुद्वारा साहिब के महासचिव सरदार रविंद्रपाल सिंह नरूला ने बताया कि नगर कीर्तन में पंज प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हजूरी विशेष आकर्षण रहेगी। हाथी पर सवार सेवादार सिख पंथ की शान का प्रतीक निशान साहिब लेकर चलेंगे।

इस दौरान विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और सिख संगत के जत्थों द्वारा गुरबानी कीर्तन एवं वाहेगुरु नाम सिमरन किया जाएगा। बैंड-बाजों के साथ निकलने वाली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विश्व प्रसिद्ध वीर खालसा ग्रुप की प्रस्तुति रहेगी। नौजवान सिख सेवा दल के सहयोग से आमंत्रित इस ग्रुप के सदस्य पारंपरिक गतका युद्धकला और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। श्री गुरुनानक देव स्कूल और सेंट सोल्जर स्कूल के विद्यार्थी भी नगर कीर्तन में भाग लेंगे।

सेवादार नगर कीर्तन मार्ग की सफाई और जल छिड़काव करते हुए आगे बढ़ेंगे। विभिन्न व्यापार मंडलों एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत और प्रसाद वितरण किया जाएगा।

समापन स्थल गुरुद्वारा साहिब, चांदी की टकसाल को विशेष रूप से सजाया गया है। यहां रात्रि में आकर्षक विद्युत सजावट और आतिशबाजी का कार्यक्रम रखा गया है। श्रद्धालुओं के लिए गुरु के अटूट लंगर की भी व्यवस्था की गई है।

Next Story