राजस्थान

उगाही कर लौट रहे व्यापारी को बदमाशों ने मारी गोली

Admin4
4 April 2023 7:30 AM GMT
उगाही कर लौट रहे व्यापारी को बदमाशों ने मारी गोली
x
भरतपुर। भरतपुर भुसावर से दुकानदारों से उगाही कर स्कूटी से लौट रहे 2 व्यापारियों से बाइक सवार 3 बदमाश 3.75 लाख रुपए व स्कूटी लूट कर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने साबुन व्यापारी विनोद पुत्र रमेश चंद को गोली मार दी तथा घी व्यापारी हरिओम से मारपीट की। सड़क पर घायल पड़े व्यापारियों को देखकर लोगों ने एंबुलेंस 108 को सूचना दी। जिस पर सीएचसी वैर से एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। घायल दोनों जनों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल विनोद को भरतपुर के लिए रेफर कर दिया। बयाना निवासी घी व्यापारी हरिओम पुत्र बद्री प्रसाद ने बताया कि वह भुसावर से शाम चार बजे उगाही कर साबुन व्यापारी विनोद के साथ स्कूटी से वैर लौट रहे थे।
जहां जगजीवनपुर गांव से पहले एक पुलिया के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी में लात मारी। जिससे वे दोनों स्कूटी से गिर गए। दोनों व्यापारियों के पैसे एक ही बैग में थे, जो विनोद के पास था। विरोध करने पर बदमाशों ने विनोद पुत्र रमेश चंद को गोली मार दी, जो उसकी जांघ में लगी। बदमाशों ने तथा हरिओम के साथ भी मारपीट की। पीड़ित हरिओम ने बताया की बदमाश दोनों की नगदी व स्कूटी लूट कर ले गए। वैर थानाधिकारी प्रेमसिंह भास्कर ने बताया कि बदमाशों ने 3.75 लाख रुपए की लूट की है। दोनों घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया।
सूचना मिलने पर भुसावर पुलिस थाना के थानाधिकारी मदनलाल, सीओ निहाल सिंह व वैर पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने सभी जगह नाकाबंदी कराई। समाचार लिखे जाने तक थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि स्टेट मेगा हाइवे 45 पर वैर थाना इलाके के गांव समराया गांव के पास 5 फरवरी 2022 को महवा स्थित बंसल मेडिकल की दुकान से दवाई सप्लाई व कलेक्शन करने वाले राजेंद्र के साथ भी बाइक सवार 2 बदमाशों ने हथियार के बल पर लूट की थी। जो वैर से बयाना जा रहे थे। उस दौरान बाइक सवार बदमाश 2 लाख रुपए की राशि को लूट कर ले गए। उस वारदात का भी खुलासा नहीं हुआ।
Next Story