जयपुर की सफाई व्यवस्था जांचने सड़क पर उतरे महापौर, गंदगी मिलने पर कटवाए चालान

जयपुर: शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बुधवार सुबह महापौर सुनील कोठारी फील्ड में उतरे। उन्होंने कई घंटों तक मुख्य सड़कों और गलियों का निरीक्षण किया। जहां गंदगी और अतिक्रमण मिला, वहां संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महापौर ने सुबह नौ बजे स्टेच्यू सर्किल से निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद सिविल लाइन और विद्याधर नगर जोन के विभिन्न क्षेत्रों सहित तिलक मार्ग, डियर पार्क, अशोक उद्यान, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस डिपो और अंबाबाड़ी सर्किल की सफाई व्यवस्था देखी।
निरीक्षण के दौरान गंदगी और अतिक्रमण मिलने पर महापौर ने मौके पर ही संबंधित दुकानदारों के चालान कटवाए। जयपुर जंक्शन पर सुलभ शौचालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। एक स्थान पर शौचालय बंद मिलने पर महापौर ने ताला तुड़वाकर उसे चालू करवाया। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।





