राजस्थान

उद्यानों में कई माह से लाइटें खराब, समस्याओं का समाधान कराने में परेशानी

Admin Delhi 1
9 Jan 2023 2:25 PM GMT
उद्यानों में कई माह से लाइटें खराब, समस्याओं का समाधान कराने में परेशानी
x

कोटा: कोटा नगर दक्षिण का वार्ड नम्बर 62 भी शहर के उन वार्डों में शामिल है जिनके पार्षद को भाजपाई होने के कारण वार्ड से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान करवाने में परेशानी आ रही है। इस वार्ड के पार्षद खुद इस बात को स्वीकार करती है कि निगम में कांगे्रस का बोर्ड होने के कारण उनके वार्ड की कई फाइल को अटका दिया जाता हैं और लोग परेशान होते हैं। क्षेत्र के 5 उद्यानों में लाइट लगवाने के लिए कई महीनों से फाइल लगी हुई है लेकिन निगम प्रशासन का कोई ध्यान नहीं हैं। नगर निगम दक्षिण के वार्ड नम्बर 62 में गणेश तालाब सेक्टर 2 एवं 3, बसंत विहार स्पेशल तथा वसंत विहार का आंशिक भाग शामिल है। वार्ड की पार्षद भाजपा की रेखा गोस्वामी है। वार्ड पार्षद ने बताया कि कई विकास के कार्य वे करवा चुकी है लेकिन आज भी वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए बजट की दरकार है लेकिन निगम की ओर से वार्ड में विकास कार्य के लिए बजट स्वीकृत ही नहीं किया जाता है। वार्ड के लोगों का कहना है कि पार्षद के वार्ड में निगम की ओर से बजटनहीं दिया जाता तो कार्य कैसे करवाएगी। वार्ड में नालियों की हालात इतनी खराब है कि हर कभी गंदा पानी बाहर निकल जाता है और पैरों में लगकर घरों में जाता है। वार्ड की अधिकांश नालियां टूटी-फूटी हुई हैं। कई स्थानों पर रोड लाइट महीनों से खराब है लेकिन किसी का ध्यान इस ओर नहीं जाता है। सीवरेज के कारण यूआईटी की ओर से सड़क तो खोद दी गई लेकिन काम इतनी धीमी गति से हो रहा है कि खुदी सड़कें लोगों की परेशानी बनी हुई है। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड में कई मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी परेशान हैं। बेशक पार्षद ने वार्ड के विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

वार्ड के साथ भेदभाव: आज भी जाम नालियां, सीवरेज के कारण खोदी गई सड़कें, पार्क के हालात कई ऐसी समस्याएं है जिनका तुरन्त समाधान होना चाहिए। वार्ड पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड के साथ भेदभाव किया जा रहा है। निगम प्रशासन की ओर से कई काम रोके हुए हैं। वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए निगम के महापौर और आयुक्त को पत्र लिख चुकी है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मुझे वार्ड में विकास कार्यों के लिए बजट की आवश्यकता है। यूआईटी को अवगत करवाने के बाद भी सड़कों पर बन गड्ढ़ों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

वार्ड की कुछ गलियों में ही सड़क बनी है। पार्क नियमित देखरेख जरूरी है। पार्क लाइट लगाने और सड़को दुरस्त कराने का कार्य शीघ्र हो। नालियां जाम हैं, सीवरेज के कारण सड़कें खुदी पड़ी हैं। जिससे वाहनधारियों को परेशानी हो रही है।

-एस.एन. गौचर, वार्डवासी।

वार्ड में कई स्थानों पर चेम्बर टूट चुके हैं। जिनका फिर से कार्य करवाना जरूरी है नहीं तो कोई दुर्घटना हो सकती है। वार्ड के उद्यानों में पौधें लगाने की आवश्यकता है। सड़कों की मरम्मत की जरुरत है।

-गायत्री सोनी, वार्डवासी।

वार्ड के हर नागरिक को मूलभूत सुविधा देने की कोशिश की जा रही है। निगम की ओर से भेदभाव किया जा रहा है। वार्ड में लेबर कम कर दी गई हैं। जमादार सहित केवल 9 कर्मचारी हैं उनमे से भी कई बार 2-3 लोग अनुपस्थित रहते हैं। वार्ड में सीसी रोड सहित 3 पार्क का कार्य करवाया है। कई काम होने जरूरी है लेकिन नहीं हो पा रहे।

-रेखा गोस्वामी, वार्ड पार्षद।

Next Story