राजस्थान में 'एक राज्य, एक चुनाव' का असर, मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी

जयपुर: राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने नगरीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के साथ निर्वाचन प्रबंधन में किए गए तकनीकी नवाचारों की सराहना की।
बैठक में 'एक राज्य, एक चुनाव' की अवधारणा और इसके तहत चुनावी व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। दी गई जानकारी के अनुसार, राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों और पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में आयोजित किए गए। इससे सुरक्षा बलों की उपलब्धता और प्रशासनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग में सहायता मिली।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, नगरीय निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत पिछली बार के 71.84 से बढ़कर 73.56 प्रतिशत पहुंच गया। ग्राम पंचायत चुनावों में मतदान 82.86 से बढ़कर 83.72 प्रतिशत और जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में 63.66 से बढ़कर 67.78 प्रतिशत दर्ज किया गया।
चुनाव प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी उपयोग किया गया। दौसा में विकसित एआई आधारित 'दौसा बॉट' ने 1,142 अधिकारियों और कर्मचारियों के कुल 16,762 सवालों के जवाब उपलब्ध कराए।
जयपुर में वाहन अनुमति की ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई, जबकि चूरू और राजसमंद में वेबसाइट तथा क्यूआर कोड के माध्यम से निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
हनुमानगढ़ और सवाईमाधोपुर में मतदान कार्मिकों की दक्षता जांच की गई। अलवर में कार्मिक कल्याण पोर्टल के माध्यम से चुनाव ड्यूटी, मानदेय और भत्तों की निगरानी की गई।
मतदाता जागरूकता के लिए 'एक शाम लोकतंत्र के नाम' और 'एक दीप लोकतंत्र के नाम' जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा निबंध, काव्यपाठ, रंगोली और मतदाता संवाद के जरिए लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यवेक्षकों और मतदान कर्मियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।





