राजस्थान

गर्मी ने आमजन को किया परेशान, जिला रहा सबसे गर्म, बढ़ने लगी गर्मी

Shantanu Roy
19 Feb 2023 11:36 AM GMT
गर्मी ने आमजन को किया परेशान, जिला रहा सबसे गर्म, बढ़ने लगी गर्मी
x
सीकर। सीकर में फरवरी माह में ही मई-जून जैसी गर्मी आमजन को परेशान करने लगी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में तापमान में और इजाफा होने की संभावना है. हालांकि 22 फरवरी के बाद उत्तरी हवाओं के असर से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी और जालौर का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं, राज्य के 21 जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड है।
इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। जिसके बाद डूंगरपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। वहीं माउंट आबू और भीलवाड़ा को छोड़कर राज्य के सभी जिलों का न्यूनतम तापमान दहाई अंक में पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में लगातार बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी हवाएं एक तरह से रुक गई हैं। जिससे राजस्थान में तापमान लगातार बढ़ रहा है। जो अगले 48 घंटे तक जारी रहेगा। जिससे प्रदेश के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में इस बार फरवरी के महीने में ही राज्य के कुछ शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं, कई शहरों में रात का तापमान 21 या 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में होली तक राजस्थान में मई-जून जैसी गर्मी आमजन को परेशान कर सकती है।
Next Story