राजस्थान

गणपति विसर्जन यात्रा ने जयपुर से मुंबई की ओर किया प्रस्थान

Admindelhi1
26 Sept 2026 12:13 PM IST
गणपति विसर्जन यात्रा ने जयपुर से मुंबई की ओर किया प्रस्थान
x
श्री गणपति महाराज की यात्रा जयपुर से मुंबई पहुंचने के लिए रवाना

जयपुर: गणपति बप्पा मोरया के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच आरबी इंटरनेशनल की ओर से आयोजित श्री गणपति महाराज की भव्य विसर्जन यात्रा शुक्रवार को जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हुई। आयोजन को लेकर आरबी इंटरनेशनल कार्यालय में सुबह से ही धार्मिक माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद 11 बजे हवन किया गया और दोपहर 12 बजे प्रसाद वितरण हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद दोपहर 3:15 बजे श्री गणपति महाराज की प्रतिमा का विधिवत दिव्य प्रस्थान हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए और यात्रा के मंगलमय होने की कामना की।

श्री विश्वनाथ अग्रवाल के नेतृत्व में गणपति महाराज की प्रतिमा को हवाई मार्ग से मुंबई ले जाया गया। मुंबई पहुंचने के बाद प्रतिमा को जुहू चौपाटी ले जाया गया, जहां विधि-विधान और श्रद्धा के साथ समुद्र में श्री गणपति महाराज का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।

आयोजन में मुख्य अतिथि प्रवासी संघ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष एवं स्टील उपभोक्ता मंच राजस्थान के चेयरमैन भीम सिंह कासनियां मौजूद रहे। इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

आरबी इंटरनेशनल के प्रतिनिधि विश्वनाथ ने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से भगवान श्री महागणपति की साधना और आराधना करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश और माता-पिता के आशीर्वाद से जयपुर से मुंबई के जुहू चौपाटी तक यह यात्रा संपन्न हुई और विधि-विधान से गणपति महाराज का समुद्र में विसर्जन किया गया।

उन्होंने कहा कि जयपुर से मुंबई तक आयोजित यह विसर्जन यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने वाली रही। यात्रा के माध्यम से राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव की भावना भी सामने आई।

Next Story