
x
राजस्थान के भरतपुर में भगवान कृष्ण की क्रीड़ा स्थली और गोवर्धन परिक्रमा पथ में खनन को रोकने की मांग को लेकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले साधु विजय दास (Vijay Das) की हालत बिगड़ती जा रही है
राजस्थान के भरतपुर में भगवान कृष्ण की क्रीड़ा स्थली और गोवर्धन परिक्रमा पथ में खनन को रोकने की मांग को लेकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले साधु विजय दास (Vijay Das) की हालत बिगड़ती जा रही है. लिहाजा अब उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल से दिल्ली सफदरजंग अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा है. विजयदास को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सड़क मार्ग से दिल्ली (Jaipur to Delhi) ले जाया जायेगा. हालात के मद्देनजर सीएम अशोक गहलोत के सचिव गौरव गोयल एसएमएस अस्पताल पहुंचे है. वहीं उनके साथ ही पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी भी वहां जमे हुये हैं.
साधु विजय दास ने भरतपुर के आदिबद्री इलाके में वैध और अवैध सभी तरह का खनन रोकने की मांग को लेकर करीब दो साल से दिये जा रहे धरना स्थल पर बुधवार को खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी. लेकिन बाद में वहां मौजूद पुलिस और अन्य लोगों ने उनको किसी तरह से बचाया. आत्मदाह करने के प्रयास में साधु विजय दास करीब 85 फीसदी तक झुलस गये थे. बाद में उन्हें पहले भरतपुर के डीग में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां उनकी गंभीर हालात को देखते हुये बुधवार रात को जयुपर सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया गया था
सीएम गहलोत के सचिव गौरव गोयल पहुंचे अस्पताल
एसएमएस अस्पताल में भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. बुधवार रात को चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. उसके बाद गुरुवार को दोपहर में सीएम गहलोत के सचिव गौरव गोयल एसएमएस अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों से उनके इलाज और हालात की पूरी जानकारी ली उसके बाद साधु विजय दास की गंभीर हालत को देखते हुये उन्हें दिल्ली शिफ्ट करने का फैसला लिया गया.
चेहरे को छोड़ पूरे शरीर पर आग से जलने के कारण हुये घाव
साधु विजय दास की हालत को लेकर सरकार में चिंता बनी हुई है. एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ.राजीव बगरहट्टा और डॉक्टर राकेश जैन ने बताया की विजय दास के शरीर का 85 तक का हिस्सा आग की चपेट में आया है. केवल चेहरे को छोड़ पूरे शरीर पर आग से जलने के कारण घाव हो गए हैं. उपचार के लिए पूरी कोशिश की जा रही है ताकि संत के जीवन को बचाया जा सके.
Next Story





