राजस्थान

गोवर्धन ड्रेन कैनाल पर स्थित पुल भरभरा कर गिरा, बंद हुआ गांव का रास्ता, बाल-बाल बचे लोग

Renuka Sahu
21 Aug 2022 6:29 AM GMT
गोवर्धन ड्रेन कैनाल पर स्थित पुल भरभरा कर गिरा, बंद हुआ गांव का रास्ता, बाल-बाल बचे लोग
x
राजस्थान के भरतपुर के कुम्हेर उपखंड में उद्योग नगर थाना इलाके के गांव सांतरुक के पास से होकर बह रही गोवर्धन ड्रेन कैनाल पर स्थित पुल भरभरा कर गिर पड़ा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजस्थान के भरतपुर के कुम्हेर उपखंड में उद्योग नगर थाना इलाके के गांव सांतरुक के पास से होकर बह रही गोवर्धन ड्रेन कैनाल पर स्थित पुल भरभरा कर गिर पड़ा। पुल के गिरने से सांतरूक गांव का रास्ता पूर्ण रूप से बंद हो चुका है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हादसा उस समय हुआ जब एक ग्रामीण अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में पत्थर भरकर गांव ले जा रहा था, तभी पुल गिर पड़ा। ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार दो बच्चों के चोट आई हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना को लेकर सांतरूक ग्राम पंचायत के सरपंच मांगे ने बताया कि नहर के ऊपर बना पुल बहुत पुराना है, और वह काफी जर्जर भी हो चुका था। ऐसा कभी भी हो सकता था। इसकी पूरी आशंका थी। उन्होंने कहा, 'मैंने कुम्हेर की उपखंड मजिस्ट्रेट वर्षा मीणा सहित जिला कलेक्टर और कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह को इस बारे में अवगत कराया था। जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ है। यदि जिला प्रशासन समय रहते ग्रामीणों की जन सुनवाई कर लेता और पुल का पुनर्निर्माण करा दिया जाता तो ऐसा नहीं होता। पुल के गिरने के बाद गांव का रास्ता भी बंद हो गया है।
बंद हुआ गांव का रास्ता
दरअसल गोवर्धन ड्रेन चैनल के जरिए यमुना नदी का पानी भरतपुर में स्थित केवलादेव राष्ट्रीय पक्षी उद्यान को आता है। सांतरूक गांव के लिए नहर के ऊपर बने पुल के जरिए एकमात्र रास्ता है, इसके अलावा अन्य कोई रास्ता नहीं है। अब जब तक धराशाई हुआ पुल दोबारा नहीं बन जाता है, तब तक गांव का रास्ता बंद रहेगा। सांतरुक क्षेत्र का सबसे बड़ा गांव है। सूचना मिलने के बाद उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया।
Next Story