राजस्थान

उदयपुर जिला परिषद में भाजपा ने बचाया बोर्ड, 24 सीटों के साथ बहुमत हासिल

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:20 PM IST
उदयपुर जिला परिषद में भाजपा ने बचाया बोर्ड, 24 सीटों के साथ बहुमत हासिल
x
उदयपुर में भाजपा ने 24 और कांग्रेस ने जीतीं 22 सीटें, BAP का भी खुला खाता

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने बेहद करीबी मुकाबले में बहुमत हासिल कर लिया है। कुल 47 वार्डों में भाजपा को 24, कांग्रेस को 22 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को एक सीट मिली है। बहुमत के लिए 24 सीटों की जरूरत थी। भाजपा ने यह आंकड़ा हासिल कर जिला परिषद में अपना बोर्ड बचा लिया।

वहीं, जिले की 20 पंचायत समितियों में से 11 में कांग्रेस ने बढ़त बनाई, जबकि नौ में भाजपा आगे रही। जिला परिषद में दो सीटों के अंतर से कांग्रेस बहुमत से चूक गई।

चुनाव परिणामों में कई राजनीतिक उलटफेर भी देखने को मिले। खेरवाड़ा से भाजपा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी जिला परिषद का चुनाव हार गए। उनके बेटे सोनू अहारी भी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव नहीं जीत सके। दूसरी ओर, मावली से भाजपा के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने जीत दर्ज की। जिला परिषद के एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी ने 1,575 वोटों के अंतर से विजय हासिल की।

पंचायत समिति चुनावों में भाजपा ने वल्लभनगर, सुलाव, बड़गांव, नाई, मावली, गोगुंदा, कोटड़ा, देवला और गिर्वा में बढ़त बनाई। वहीं सायरा, भींडर, घासा, कुराबड़, ऋषभदेव, झाड़ोल, फलासिया, खेरवाड़ा, कल्याणपुर, ओगणा और नयागांव में कांग्रेस आगे रही।

जिला परिषद में भाजपा का बहुमत बरकरार रहने के बावजूद पंचायत समितियों में कांग्रेस की बढ़त ने चुनाव परिणामों को दिलचस्प बना दिया है। दोनों प्रमुख दलों के बीच करीबी मुकाबले के चलते जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Next Story