राजस्थान

महिला हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म के प्रयास का मामला

Admindelhi1
28 Sept 2026 11:46 AM IST
महिला हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म के प्रयास का मामला
x
महिला हत्याकांड में पुलिस को सफलता, आरोपी गिरफ्तार

जयपुर: सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में छह दिन पहले हुए महिला के ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने रविवार शाम खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी नीरज (35) निवासी कटनी मध्यप्रदेश को बारां के छबड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी वाटिका में किराए से रहकर मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार उसने शराब पीने के बाद महिला मजदूर को प्लॉट पर सफाई कराने के बहाने मजदूरी देने के नाम पर रिंग रोड के पास सुनसान जगह ले गया। वहां दुष्कर्म का प्रयास करने पर महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने भारी पत्थर से उसके सिर और मुंह पर वार कर हत्या कर दी और फरार हो गया।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर की जांच के दौरान पुलिस टीम ने वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम उसके गांव की ओर रवाना हुई, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर बारां चला गया। पीछा करते हुए पुलिस टीम ने उसे छबड़ा से दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अश्लील फिल्में देखने और शराब पीने का आदी है। उसकी पत्नी गांव में रहती है और वह जयपुर में अकेला किराए के कमरे में रहता था। 21 सितंबर को वह मजदूरी के लिए वाटिका की चौखटी पर गया था, लेकिन काम नहीं मिलने पर कमरे पर लौट आया। बाद में शराब पीकर दोबारा चौखटी पहुंचा और महिला मजदूर को प्लॉट की सफाई कराने के बहाने अपने साथ ले गया। रिंग रोड के पास सुनसान खाली प्लॉट में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Next Story