11वीं शरीफ की दावत बनी बीमारी की वजह, 200 से अधिक लोग बीमार

पाली: शहर के प्यारा चौक क्षेत्र में शुक्रवार शाम 11वीं शरीफ की नियाज के अवसर पर आयोजित दावत के बाद 200 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद देर रात करीब 12 बजे से मरीज अस्पताल पहुंचने लगे। देखते ही देखते मरीजों की संख्या बढ़ गई और बांगड़ अस्पताल में बेड कम पड़ गए। ऐसे में कई लोगों को अस्पताल की बेंच पर लेटकर उपचार करवाना पड़ा, जबकि कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों का रुख किया। बीमार होने वालों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई गई।
पाली के उप महापौर एवं मुस्लिम समाज के नेता मेहबूब टी के अनुसार, प्यारा चौक क्षेत्र में 11वीं शरीफ की नियाज के अवसर पर करीब 700 से 1000 लोगों के लिए दावत का आयोजन किया गया था। दावत में विभिन्न व्यंजनों के साथ मलाई राजभोग मिठाई भी परोसी गई थी। खाना खाने के बाद लोग अपने-अपने घर चले गए, लेकिन रात करीब 11 बजे के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर उन्हें उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया।
अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में दबाव बढ़ गया। उपलब्ध बेड कम पड़ने के कारण कुछ मरीजों को बेंच पर लेटकर उपचार करवाना पड़ा। वहीं, कई लोग निजी अस्पतालों में भी इलाज कराने पहुंचे। मेहबूब टी ने मिठाई खाने से फूड पॉइजनिंग होने की आशंका जताई है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बांगड़ अस्पताल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. आरके विश्नोई ने बताया कि फूड पॉइजनिंग की शिकायत के साथ एक साथ बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे थे। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की अतिरिक्त टीम बुलाई गई और सभी मरीजों का उपचार किया गया।
उन्होंने बताया कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।
अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड के बाहर मरीजों के परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। अचानक बढ़ी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया, ताकि अस्पताल में व्यवस्था बनाए रखी जा सके। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम प्यारा चौक स्थित उस घर पर पहुंची, जहां दावत आयोजित की गई थी। पुलिस ने आयोजक से खाने में तैयार किए गए व्यंजनों और मिठाई कहां से मंगवाई गई थी, इस संबंध में जानकारी ली। मौके पर सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत, सीओ सोजत प्रतीक मील, कोतवाली प्रभारी रविंद्र सिंह खींची सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।





