राजस्थान

स्वच्छ भारत मिशन की उड़ रही धज्जियां, बदबू से ग्रामीण है बेहाल

Admin Delhi 1
6 May 2023 2:38 PM GMT
स्वच्छ भारत मिशन की उड़ रही धज्जियां, बदबू से ग्रामीण है बेहाल
x

पेच की बावड़ी: क्षेत्र ग्राम पंचायत उमर में ग्रामीण गौरव पथ पर स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ रही है। ग्रामीण गौरव पथ पर मुख्य चौराया गढ़ के कुएं के पास से लकडेशवर महादेव जी रोड पर गन्दगी के ढेर लगे हैं। ग्राम पंचायत के मजरा खातिया वाली बटवाडी में रोड पर जो उमर रोड से आ रहा है। इस रोड की बहुत ही ज्यादा खराब स्थिति हो रही हैं। बदबू से राहगीरों को परेशानी हो रही है। देश में स्वच्छता के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई पानी की तरह बहा दी गन्दगी फिर भी कम नही हुई। यह ग्रामीण गौरव पथ अपने आप में ब्रांड है और फिर यह ग्राम पंचायत मुख्यालय में और उससे भी बड़ी बात यह मुख्य रोड पर है। जहां से गांव वाले ही नहीं बल्कि प्राचीन धार्मिक स्थान लकडेश्वर महादेव के दर्शन के लिए बासनी टीकड देवली टोक क्षैत्र से हजारों की संख्या में यात्रीगण इसी ग्रामीण गौरव पथ से निकलते हैं।

प्राचीन कुएं की हालत दयनीय

यहां जो कुआं है जो ऐतिहासिक है। इस कुएं को बरसो पहले उस जमाने में तत्कालीन बूंदी रियायत के राजा बहादुर सिंह ने पानी पीने के लिए बनाया था। यहां से बूंदी दरबार के लिए पिने का पानी जाता था। यह कुआं ऐतिहासिक धरोहर है इस गांव की। आज इसके चारों ओर गन्दगी विलायती बबूल खड़े है।

घरों की गंदगी गौरव पथ पर

इसके पास से ग्रामीण गौरव पथ पर गन्दगी के ढेर है। राहगीरों को बहुत ही ज्यादा परेशान हो रही है। बरडा बस्ती के अलावा सारे मोहल्ले के लोग अपने घर की गन्दगी भी इस ग्रामीण गौरव पथ पर डालते हैं। जैसे यह कचरा पात्र हैं। रोड लाइट नही होने के कारण लोग अन्धेरे का फायदा खुले में उठाकर शौच जाते हैं। गौरव पथ पर पड़ी गंदगी और कचरा हवा के कारण बरडा बस्ती के घरों में उड़कर आ जाती है। हजारों, लाखों की संख्या में मच्छर मक्खियां पनप रही है जिससे हैजा, मलेरीया, डेंगू जैसी भयानक बीमारी फैलने की सम्भावना है। ग्राम पंचायत सफाई की और कोई ओर ध्यान नही दे रही है। इस आदर्श ग्राम पंचायत और स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ रही हैं। गांव वासियों ने ग्राम पंचायत ब्लॉक स्तर अधिकारी जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि इस गन्दगी के लगे ढेर हटाकर इस जगह पर पेड़ पौधे लगाना चाहिए ताकी गन्दगी भी हट जावे और पर्यावरण भी शुद्ध रहे।

क्या कहते हैं जागरूक ग्रामीण

शंकर लाल सोयल का कहना है कि इस ग्रामीण गौरव पथ पर लगे गन्दगी के ढेर हटना चाहिए। यह रोड धार्मिक स्थान लकडेशवर महादेव जी के जाता है। ऐसी स्थिति में बाहर से भी यात्रीगण निकलते हे। राहगीरों को परेशानी आती है। सफाई होनी चाहिए।

डॉ मनीष खज ने बताया कि हमारी आदर्श ग्राम पंचायत में ग्रामीण गौरव पथ पर गन्दगी के ढेर लगे है। यहां गांव में जहां-जहां भी गन्दगी है हटना चाहिए। गन्दगी से कई बीमारियां फैलती है। ग्राम पंचायत को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। पूर्व सैनिक हरचंद खज का कहना है कि हमारा गांव दो भागों में बंटा हुआ है और यहां सबसे अधिक पूर्व सैनिक है। इसलिए सैनिकों का गांव कहलाता है लेकिन मूलभूत सुविधा की कमी है। खासकर गांव उमर में श्री लकड़ेश्वर महादेव का रास्ता में दोनों और गंदगी फैली हुई है और हरिजनों की बस्ती से आगे का रास्ता बहुत ही खराब है। दूरदराज से यात्रीगण आते हैं उनको काफी समस्या होती है। रोड लाइट नहीं है और पीने का पानी की काफी समस्या है। जल्दी से जल्दी इस समस्या का समाधान हो।

एसटीएससी इकाई अध्यक्ष बाबूलाल मीना का कहना है कि इस ऐतिहासिक गढ़ के कुएं के पास ग्रामीण गौरव पथ पर गन्दगी की सफाई तुरन्त करनी चाहिए। हमारी आदर्श ग्राम पंचायत के लिए यह गन्दगी बहुत शर्म की बात है। हम कैसे स्वच्छ और स्वस्थ रह सकते हैं।

मैं अभी नया आया हूं। मेरी पूरी कोशिश रहेगी ग्राम पंचायत से गन्दगी को हटाकर ग्राम वासियों को जल्दी ही निजात दिलाएंगे।

- जाहिद अनसारी, ग्राम विकास अधिकारी,उमर ग्राम पंचायत

मैं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दूंगा। ग्राम पंचायत में जहां जहां गन्दगी हो रही हैं मेरी कोशिश है कि जल्दी ही सफाई करवाई जाएगी।

- धनराज सैनी, सरपंच, ग्राम पंचायत उमर

अभी कर्मचारियों की हड़ताल है। इसलिए हमारे पास अभी कर्मचारी अभी नही। हड़ताल समाप्त होते ही सफाई करवा दी जायेगी।

- मोहनलाल मीना, विकास अधिकारी पंचायत समिति, हिंडोली

Next Story