राजस्थान

हिन्दू रणभेरी रैली पर पथराव, मची भगदड़

Admin Delhi 1
27 March 2023 1:31 PM GMT
हिन्दू रणभेरी रैली पर पथराव, मची भगदड़
x

जमवारामगढ़: हिंदू नववर्ष पर रविवार को विशाल रणभेरी वाहन रैली चंदवाजी से रवाना हुई। रैली में शामिल लोग जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। दोपहर करीब दो बजे ताला जोहड़ा से एक समाज विशेष के युवकों ने रैली पर पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। पथराव करने वाले लोगों को पुलिस बार-बार रोकती रही, लेकिन वह लगातार पथराव करते रहे। मामला बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, वृताधिकारी शिवकुमार भारद्वाज, रायसर थानाधिकारी रामधन सांडीवाल सहित आसपास के थानों से बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा।

पथराव में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया है। उधर, रैली पर पथराव के मद्देनजर पूर्व विधायक जगदीश नारायण मीना, भाजपा नेता महेंद्र पाल मीणा सहित अनेक लोग रायसर थाना पहुंचे और पथराव करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए रिपोर्ट दर्ज कराई। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ट्वीट कर कहा कि जमवारामगढ़ में शांतिपूर्ण ढंग से रैली निकाल रहे बहुसंख्यक समुदाय के लोगों पर पथराव की घटना कांग्रेस सरकार के तुष्टिकरण की राजनीति का नतीजा है। शासन व प्रशासन उपद्रवियों पर तत्परता से कठोर कार्रवाई करे। वहीं केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हिन्दू रैली पर हुए कथित हमले पर कहा कि कांग्रेस सरकार भाईचारे का अर्थ तुष्टिकरण से लगाती है। नवरात्र पर हुई इस घटना को कांग्रेस कैसे देखती है। हम शांति और सौहार्द चाहते हैं, लेकिन राज्य सरकार कर रवैया इस मामले में हमारे विपरीत और खतरनाक है।

रणभेरी रैली पर पथराव करने के मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य के वीडियो व सीसीटीवी फुटेज देखकर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है, ताकि कार्रवाई हो सके। मौके पर पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। शांति कायम है।

-डॉ. राजीव पचार, पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण

Next Story
© All Rights Reserved @ 2023 Janta Se Rishta