राजस्थान
कोटा में होगा प्रदेश का दूसरा पासपोर्ट कार्यालय: स्पीकर बिरला 29 को उद्घाटन
Mohammed Raziq
27 Sept 2023 1:26 PM IST

x
स्पीकर बिरला 29 को उद्घाटन
राजस्थान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से दक्षिण व दक्षिण-पूर्वी राजस्थान को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। स्पीकर बिरला और विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन शुक्रवार को कोटा में औद्योगिक क्षेत्र स्थित रोड नंबर 2 पर प्रदेश के दूसरे पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ करेंगे।
इससे अब कोटा में ही पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। शुक्रवार सुबह 11 बजे इसका उद्घाटन होने के बाद स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट जारी होना प्रारंभ हो जाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद स्पीकर बिरला और मंत्री मुरलीधरन करियर पाइंट ऑडिटोरियम में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे।
15 जिले के लोगों को होगी धन-समय की बचत
पूर्ण पासपोर्ट कार्यालय होने के कारण बूंदी, बारां, झालावाड़, सवाईमाधोपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, राजसमंद, बांसवाड़ा तथा नवगठित शाहपुरा, गंगापुर सिटी व सलूम्बर जिले के लोगों के लिए कोटा अब सबसे नजदीकी पासपोर्ट कार्यालय होगा। पहले यहां के लोगों को जयपुर जाना पड़ता था, लेकिन कोटा की दूरी कम होने के कारण उन्हें धन और समय की बचत होगी। तत्काल पासपोर्ट बन सकेंगे।
बता दें स्पीकर बिरला के सांसद के रूप में पहले कार्यकाल के दौरान नयापुरा डाकघर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ हुआ था। इससे कोटा में पासपोर्ट आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई थी। पूर्ण पासपोर्ट कार्यालय नहीं होने से पासपोर्ट जयपुर से जारी होते थे, जिसमें काफी समय लगता था। इसके अलावा यहां तत्काल पासपोर्ट बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी।
Next Story





