राजस्थान

Sriganganagar: सड़क हादसे में पिकअप सवार दो लोगों की मौत, 12 घायल

Admindelhi1
17 Sept 2026 11:17 AM IST
Sriganganagar: सड़क हादसे में पिकअप सवार दो लोगों की मौत, 12 घायल
x
खड़े ट्रक से भिड़ी पिकअप, 12 लोग घायल

श्रीगंगानगर: श्रीगंगानगर जिले के समेजा थाना इलाके में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बारह जने घायल हो गए। इनमें सात घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा सलेमपुरा-बाजूवाला रोड पर 2 एपीडी की रोही में हुआ। जहां सड़क किनारे खड़े बजरी से भरे ट्रक में पीछे से आई पिकअप जा टकराई।

समेजा थाना अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि हादसे में 85 एलएनपी निवासी कश्मीर सिंह (65) गंभीर घायल हो गए। उन्हें रायसिंहनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 67 एलएनपी निवासी परमजीत कौर (50) पत्नी जगसीर सिंह भी गंभीर घायल थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें श्रीगंगानगर रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आसपास के लोगों ने भी तत्काल पिकअप से घायलों को बाहर निकाला और रायसिंहनगर के सरकारी व निजी अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों का रायसिंहनगर तथा कुछ का श्रीगंगानगर के अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार गंभीर रूप से घायल सात लोगों को श्रीगंगानगर रैफर किया गया है। बताया जा रहा है कि पिकअप रामदेवरा से पदमपुर क्षेत्र के 67 एलएनपी गांव की ओर जा रही थी।

थानाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क किनारे बजरी से भरा ट्रक किन परिस्थितियों में खड़ा था और दुर्घटना के पीछे अन्य क्या कारण रहे।

Next Story