राजस्थान

Sri Ganganagar: माननीय मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक पहल ने दोगुनी की खुशियां

Tara Tandi
31 March 2025 3:33 PM IST
Sri Ganganagar: माननीय मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक पहल ने दोगुनी की खुशियां
x
Sri Ganganagar श्रीगंगानगर । माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशवासियों ने 75 वर्ष बाद पहली बार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाया। भारतीय नव वर्ष का पहला दिन होने के नाते प्रत्येक भारतीय के लिए यह विशेष है। साथ ही 75 वर्षों बाद पहली बार इस दिन को राजस्थान स्थापना दिवस मनाने की माननीय मुख्यमंत्री की पहल ऐतिहासिक रही। इसने भारतीय नव वर्ष को खास बनाते हुई आमजन की खुशियों को दोगुना कर दिया। श्रीगंगानगर में भी जिला कलक्टर डॉ. मंजू के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने 25 से लेकर 31 मार्च तक सप्ताह भर चले राजस्थान दिवस महोत्सव आयोजनों को सफलतापूर्वक संचालित किया। सभी आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, आमजन, कार्मिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
सप्ताहभर रही राजस्थान दिवस महोत्सव की धूम
राज्य सरकार की मंशा के अनुसार श्रीगंगानगर जिले में सप्ताहभर (25 से लेकर 31 मार्च 2025) राजस्थान दिवस महोत्सव की धूम रही। शुरूआत 25 मार्च को महिला सम्मेलन से हुई। इसके बाद 26 मार्च को किसान सम्मेलन एवं कृषक उत्पादक संगठन मेला, 27 मार्च को अंत्योदय कल्याण समारोह, 28 मार्च को विकास एवं सुशासन उत्सव, 29 मार्च को रोजगार उत्सव और युवा सम्मेलन, 30 मार्च को रन फॉर फिट राजस्थान और सांस्कृतिक कार्यक्रम, 31 मार्च को निवेश उत्सव राइजिंग राजस्थान इम्पैक्ट 1-0 का आयोजन किया गया। राजस्थान दिवस पर सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर रंग-बिरंगी रोशनी से सज्जा की गई।
माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहे जनकल्याणकारी कार्य
इस दौरान 28 मार्च को विकास एवं सुशासन उत्सव में खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री सुमित गोदारा की गरिमामय उपस्थिति के बीच जिला प्रशासन की ओर से उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। प्रभारी मंत्री ने जहां एक ओर सर्किट हाउस में जन सुनवाई करते हुए अधिकारियों को इनके समुचित निराकरण के निर्देश दिए, वहीं पत्रकार वार्ता में माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यां से मीडियाकर्मियों को विस्तारपूर्वक अवगत करवाते हुए बताया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय के नेतृत्व में प्रदेशभर में सर्वांगीण विकास कार्य करवाये जा रहे हैं। निरन्तर समस्याओं का समाधान कर आमजन को राहत दी जा रही है। बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करते हुए जनहित में कार्य किये जा रहे हैं। किसानों को 6 घंटे बिजली देने के लिये माननीय मुख्यमंत्री प्रतिबद्ध हैं और जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल पहुंचाने के लिये सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले बजट में माननीय मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधानसभा में 5-5 करोड़ रूपये सड़कों के लिये दिये थे। दूसरे बजट में यह राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रूपये की गई है। सिंचाई पानी की समस्या के समाधान के लिये सीसी रिलाइनिंग के लिये करोड़ों रूपये देने की घोषणा की है। उक्त कार्यों से किसानों को संबल मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। माननीय मुख्यमंत्री किसानों के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों को समृद्ध करने के लिये संकल्पबद्ध हैं और माननीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत की तर्ज पर विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करने के लिये प्रयासरत हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक कलाकारों ने जमाया रंग
इसी श्रृंखला में 30 मार्च को रन फ़ॉर फिट राजस्थान और राजस्थान दिवस पर हिन्दुमलकोट, फतूही में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया। स्कूली बच्चों ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि राजस्थान दिवस के अवसर पर पहली बार सीमावर्ती क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ बॉर्डर देखना बेहतरीन अनुभव रहा। ग्रामीणों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को सराहनीय कदम बताते हुए माननीय मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन, सेना का आभार जताया। इन कार्यक्रमों ने जहां एक ओर राजस्थानी कला-संस्कृति से आमजन को परिचित करवाया, वहीं दूसरी ओर रन फ़ॉर फिट राजस्थान के माध्यम से शारीरिक व्यायाम और आरोग्यता का संदेश दिया गया। रन फ़ॉर फिट राजस्थान के विजेताओं को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
संत समाज ने जताई प्रसन्न्ता
इसके अलावा संत समाज ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाए जाने के मुख्यमंत्री के ऐतिहासिक निर्णय पर प्रसन्नता जताई। मुख्यमंत्री ने जब प्रदेशवासियों से राजस्थान दिवस को उत्सव के रूप में मनाने तथा घरों को सजाने के साथ खुशियों के दीप जलाने का आह्वान किया, तो प्रदेश वासियों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा संवत 2006, तदनुसार 30 मार्च 1949 को वृहद राजस्थान का गठन हुआ। देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की भावना का सम्मान करते हुए पहली बार मुख्यमंत्री के नेतृत्व चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत पहली बार राजस्थान में सप्ताहभर राजस्थान दिवस से जुड़े आयोजन हुए। प्रत्येक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अनेक सौगातें दीं, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। श्रीगंगानगर से लेकर बांसवाड़ा और जैसलमेर से लेकर धौलपुर जिले के प्रत्येक वर्ग ने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की इस ऐतिहासिक पहल को सराहा और इन कार्यक्रमों में जमकर भागीदारी भी निभाई।
Next Story